ABC News: पुलिस कमिश्नर कार्यालय मेें बड़ी लापरवाही का मामला सामने आया है. यहां पर कूड़े के ढेर में महत्वपूर्ण फाइलों के अलावा सीलबंद लिफाफे मिले हैं. इस मामले का पता तब चला, जब खुद पुलिस कमिश्नर डॉ. आरके स्वर्णकार अपने कमिश्नरेट कार्यालय का निरीक्षण कर रहे थे. इस दौरान कमिश्नरेट कार्यालय के अंदर मौजूद कूड़े के ढेर के अंदर कई फाइलें और बंद लिफाफे मिले.

इसके साथ ही महिला अपराध से जुड़े एक दर्जन से अधिक बंद लिफाफे भी कुड़े के ढेर में मिले हैं. यह देखकर पुलिस कमिश्नरेट कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए. कूड़े के ढेर के अंदर मिली फाइल और लिफाफे देखकर पुलिस कमिश्नर ने भी नाराजगी जाहिर की है. इसमें कई गोपनीय लिफाफे ऐसे भी थे, जिन्हें बिना खोले ही कूड़े में फेंक दिया गया. ऐसे में पुलिसकर्मियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं.

पुलिस कमिश्नर डॉ. आरके स्वर्णकार ने सभी फाइलों और लिफाफों की जांच के निर्देश दिए हैं, जिससे पता लग सके कि यह किन मामलों से संबंधित हैं. इसके अलावा मामले में उन्होंने जांच भी बैठा दी है. पुलिस कमिश्नर का कहना है कि यह बड़ी लापरवाही का मामला है.कूड़े के ढेर में मिले एक-एक कागज की जांच की जाएगी. उन्होंने कहा कि मामले में जो भी लापरवाही है, उसके खिलाफ एक्शन जरूर लिया जाएगा.
रिपोर्ट: सुनील तिवारी

