ABC News: (रिपोर्ट: सुनील तिवारी) कानपुर में चार्ज लेने के बाद कमिश्नर डॉ लोकेशन एम ने अपने इरादे जाहिर कर दिए हैं. नए कमिश्नर से साफतौर पर कहा है कि उनकी प्राथमिकताओं में स्वास्थ्य, शिक्षा और शहर को साफ सुथरा रखना है. इसके लिए न केवल कार्ययोजना बनाई जाएगी, बल्कि अफसरों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी.

सर्किट हाउस में प्रेस कांफ्रेंस के दौरान कमिश्नर डॉ. लोकेश एम ने बताया कि, स्वास्थ्य ढांचे को बेहतर करने के लिए सीएचसी और पीएचसी को बेहतर बनाया जाएगा. गरीबों को क्वालिटी ट्रीटमेंट मिले, इसके लिए तेजी से काम होगा. इसके अलावा एजुकेशन पर उनका सबसे बड़ा फोकस होगा. एजुकेशन में उन बच्चों को खास तौर पर कार्य किया जाएगा, जिनका किसी न किसी वजह से स्कूल छूट चुका है या फिर वह बिना पढ़ाई के सड़क पर घूम रहे हैं. ऐसे बच्चों को फिर से स्कूल लाया जाएगा. इसके लिए न केवल बच्चों को बल्कि टीचर्स को भी मोटिवेट किया जाएगा. प्राथमिक से लेकर कॉलेज लेवल तक स्टूडेंट्स को क्वालिटी एजुकेशन मिले, इस पर फोकस रहेगा. तीसरी प्राथमिकता में उन्होंने बताया कि शहर को साफ और स्वच्छ रखना बहुत जरूरी है. चूकिं डेप्यूटेशन के दौरान वह बेंगलुरू नगर निगम में भी तैनात रह चुके हैं, ऐसे में उनके पास इस बात का अनुभव है. कानपुर में भी नगर निगम और स्मार्ट सिटी अफसरों के साथ बैठकर शहर के लुक्स कैसे बेहतर बने और यह साफ सुथरा रहे. इस पर ग्राउंड लेवल पर काम किया जाएगा.

कानपुर के ट्रैफिक को लेकर कहा कि इसके लिए शहर के पीक आवर्स से लेकर जाम लगने वाली जगहों पर स्टडी करना होगा. इसके बाद ट्रैफिक पुलिस के साथ वर्कप्लान बनाकर काम किया जाएगा. सहारनपुर की हिंडन नदी की तरह गंगा के लिए भी काम किया जाएगा. 2005 के आईएएस अधिकारी डॉ लोकेश एम मूलत: कर्नाटक निवासी हैं और डेंटिस्ट भी हैं, अलीगढ़ में ट्रेनिंग के बाद वह सहारनपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट रहे, इसके बाद सीडीओ प्रयागराज रहे फिर कौशांबी, अमरोहा, गाजीपुर, एटा, कुशीनगर, मैनपुरी में बतौर जिलाधिकारी काम किया. पांच वर्ष अंतर्राज्यीय प्रतिनियुक्ति पर कर्नाटक में अपनी सेवा प्रदान की. वर्तमान में सहारनपुर में कमिश्नर पद पर कार्यरत थे.

