ABC News: (रिपोर्टः सुनील तिवारी) कानपुर के बांसमंडी स्थित थोक रेडीमेड कपड़ा बाजार की आग तो बुझ गई है लेकिन अब अंदर की जो तस्वीरें सामने आयी हैं, वह हालात की भयावहता की कहानी को बयां करने के लिए काफी हैं. तकरीबन चार दिन की इस कानपुर की सबसे बड़ी आग ने यहां के व्यापारियों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है.

यहां केवल दुकानों में रखे कपड़े ही नहीं जले बल्कि कई अरमान अब राख हो चुके हैं. यही नहीं, आग की तपिश में झुलसी इमारतें अब रौनक नहीं बिखेर रहीं बल्कि किसी डरावने सपने की याद दिला रही हैं.

सोमवार को पूरी तरह से आग बुझने के बाद एनडीआरएफ ने यहां के कुछ व्यापारियों को लेकर सभी छह कॉम्प्लेक्स के हालात दिखाए. आग की वजह से इन कॉम्प्लेक्स की दीवारों से लेकर बीम में दरार दिखाई दी.

कहीं पर छत भी झुकी नजर आयी. व्यापारियों को आग की भयावहता दिखाने के दौरान एनडीआरएफ के जवान हर पल यही ताकीद करते नजर आए कि कोई भी दीवार, खंभों को हाथ न लगाए नहीं तो कुछ भी हो सकता है.

आग की तपिश से दीवारें अभी भी तप रहीं थीं. कुछ व्यापारियों ने सेकेंड फ्लोर पर चलने की जिद की तो केवल एक शख्स को अनुमति दी गई.

इस दौरान हर बार सुरक्षा को लेकर एनडीआरएफ के जवान सतर्क करते रहे.

बता दें कि थोक कपड़ा बाजार की आग बुझाने के लिए चार दिन तक 60 दमकल गाड़ियों के अलावा 500 से ज्यादा दमकल कर्मी पूरी शिद्दत के साथ जुटे रहे.

आग की वजह से एआर कॉम्प्लेक्स अरजन, मकसूद, हमराज, सुपर हमराज और नफीस टॉवर सभी जगह एक जैसी तस्वीर नजर आयी.


