ABC NEWS: नगर निकाय चुनाव कराने के लिए मंगलवार से 11006 कर्मचारियों की ट्रेनिंग शुरू कर दी गई है. डीएम विशाख जी और एडीएम सिटी अतुल कुमार ने कर्मचारियों को बताया कि किस तरह से मतदान कराना है. हर दो-दो घंटे में मतदान की जानकारी कंट्रोल को देनी है. राजकीय पॉलीटेक्निक में यह ट्रेनिंग शुरू कराई गई है. इसमें बताया गया कि ईवीएम का इस्तेमाल कैसे करना है। दिक्कत आने पर क्या-क्या कदम उठाने हैं. रिजर्व में रखी गई ईवीएम को मंगाने के लिए क्या करना पड़ेगा. ट्रेनिंग के साथ ही कर्मचारियों ने अपने मतों का बैलट पेपर के जरिए मतदान भी किया. मतदान की प्रक्रिया सुबह 10 बजे ही शुरू हो गई थी. इसके लिए अलग से इंतजाम किए गए थे.
दूसरी तरफ नगर निगम और चार नगर पंचायतों के लिए 11 मई को प्रस्तावित मतदान के लिए 550 छोटी-बड़ी बसें अधिग्रहित की गई हैं. इनमें से 511 बसें मतदान कर्मियों को मतदेय स्थल ले जाएंगी और वापस मंडी समिति नौबस्ता लाएंगी. अधिग्रहित बसों के लिए 3 से 6 मई के बीच आरटीओ दफ्तर में ईंधन पर्ची दूरी के हिसाब से वितरित की जाएंगी. आरटीओ राजेश सिंह के हवाले से कमलेश वाजपेयी ने बताया कि अधिग्रहित वाहन मालिकों को सूचना दे दी गई है. समय से मतदेय स्थल पर पहुंचें, इस कारण अधिग्रहित बसों को पहले से ही ईंधन पर्ची दी जा रही है. अन्य भुगतान बाद में किया जाएगा. बस संचालक सुबह दस से शाम चार बजे के बीच दफ्तर आकर ईंधन पर्ची ले सकते हैं.

