ABC News: कर्नलगंज के बिसाती कब्रिस्तान में हुई महिला की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है. 24 घंटे के अंदर किए गए खुलासे में पुलिस ने हत्या के बारे में चौंकाने वाली जानकारी दी. महिला की हत्या उसी के देवर रेहान ने की थी. पुलिस पूछताछ में रेहान ने बताया कि उसकी भाभी के अवैध संबंध अन्य लोगों से थे. इसी वजह से उसने हत्या कर दी.

बता दें कि एक दिन पहले कर्नलगंज स्थित बिसाती कब्रिस्तान में महिला की ईंट से सिर कूचकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले मे पुलिस तफ्तीश में पता चला कि मृतका ग्वालटोली निवासी सिमरन है और दो साल पहले उसने कब्रिस्तान में रहने वाले फैजान से लव मैरिज की थी. हत्या के बाद से गायब चल रहे देवर रेहान को जब पुलिस ने गिरफ्तार किया तो उसके चेहरे पर पछतावे के भाव नजर नहीं आए. उसने कहा कि उसकी भाभी के कई लोगों से अवैध संबंध थे. एक बार तो खुद उसने अपनी भाभी को पकड़ा था. उसने कहा कि भाई की इज्जत की खातिर उसने भाभी की हत्या कर दी. एडीसीपी आरती सिंह ने बताया कि रेहान को जेल भेजा जा रहा है.

