ABC NEWS: बरेली के सिरौली क्षेत्र में पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के कार्यक्रम से पहले बृहस्पतिवार को हंगामा हो गया. गांव पिपरिया उपराला में ग्रामीणों ने छुट्टा पशुओं को सड़क पर खड़ा कर पशुधन मंत्री का रास्ता रोक दिया. कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह और प्रमुख सचिव पशुधन विभाग अवनीश दुबे आंवला तहसील के गुरगांवा में पशु पॉली क्लीनिक का भूमि पूजन करने जा रहे थे, लेकिन उन्हें ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा.
मंत्री और प्रमुख सचिव का काफिला करीब 40 मिनट तक फंसा रहा. उन्होंने ग्रामीणों को समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया, तब जाकर ग्रामीण शांत हुए। इसके बाद सड़क से छुट्टा पशुओं का हटाया गया. इससे पहले ग्रामीणों की एसडीएम से नोकझोंक हुई. एसडीएम पर अभद्रता करने का आरोप लगाया. ग्रामीणों का गुस्सा देख एसडीएम वहां से चले गए. इसके बाद आंवला के नायब तहसीलदार और सीओ को भी ग्रामीणों के गुस्से का सामना करना पड़ा.

