ABC News: हिमाचल प्रदेश में लंबी उठापटक के बाद मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा हो गई है. सुखविंदर सिंह सुक्खू राज्य के नए CM होंगे. कांग्रेस विधायक दल की बैठक में उनके नाम का ऐलान कर दिया गया है.
हाईकमान ने आज सुखविंदर सिंह सुक्खू को कांग्रेस विधायक दल के नेता यानी मुख्यमंत्री(हिमाचल प्रदेश का) के रूप में चयन किया है और उपमुख्यमंत्री के रूप में मुकेश अग्निहोत्री को चयन किया है: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल pic.twitter.com/VNSanTXA7P
— ANI_HindiNews (@AHindinews) December 10, 2022
उनके साथ प्रतिभा सिंह के खेमे से मुकेश अग्निहोत्री को डिप्टी CM बनाया गया है. कल ही 11 बजे शपथग्रहण होगा. इसके लिए अब कांग्रेस विधायक दल नेता सुखविंदर सुक्खू राज्यपाल से मिलकर समय मांगेंगे. कांग्रेस के हिमाचल प्रदेश प्रभारी राजीव शुक्ला ने कहा कि सर्वसम्मति से सारे विधायकों ने सुखविंदर सिंह सुक्खू को विधायक दल का नेता चुना है. कल उन्हें मुख्यमंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी. राहुल गांधी और प्रियंका गांधी भी आएंगे. हिमाचल के भावी सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि मैं सोनिया गांधी, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और प्रदेश की जनता का शुक्रगुजार हूं. हमारी सरकार लाएगी बदलाव, हमने हिमाचल प्रदेश की जनता से जो वादे किए हैं, उन्हें पूरा करना मेरी जिम्मेदारी है. राज्य के विकास के लिए हमें काम करना है. हिमाचल में 8 दिसंबर को चुनाव नतीजे आने के बाद से ही CM को लेकर घमासान जारी था. 40 सीटें जीतकर बहुमत हासिल करने वाली कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह भी की CM दावेदारी कर रही थीं. हालांकि, विधायकों से रायशुमारी के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू इस दौड़ में आगे निकल गए थे. सूत्रों के मुताबिक सुक्खू को गांधी परिवार के करीबी होने का फायदा मिला.

