ABC NEWS: यूपी के देवरिया में शनिवार को बरहज में आयोजित समाधान दिवस में एक फरियादी ने झटपट कनेक्शन देने में हीलाहवाली करने व व इसके लिए पैसा मांगने की शिकायत जिलाधिकारी से की. इसके पहले भी कई लोगों ने बिजली विभाग की शिकायत की थी. जिलाधिकारी अखंड प्रताप सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जेई पंकज कुमार को हिरासत में लेने का निर्देश दिया. इसके बाद पुलिस जेई को हिरासत में लेकर थाने चली गई.
बरहज तहसील में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधकारी व एसपी के पहुंचने के बाद लोग अपनी फरियाद सुना दे थे. इस दौरान दो तीन लोगों ने बिजली विभाग के संबंधित शिकायत की थी. इसी बीच तहसील क्षेत्र के खोड़ा गांव निवासी व तहसील में अधिवक्ता कमला प्रसाद यादव ने अपनी फरियाद डीएम के सामने रखी. उन्होंने बताया कि झटपट कनेक्शन के लिए 19 अगस्त को ऑनलाइन आवेदन किया. इसके बाद जेई से मिले तो उन्होंने कहा कि एक सप्ताह में कनेक्शन दे दिया जाएगा. इसके लिए मौके पर लाइनमैन जाएगा और सत्यापन कर अपनी रिपोर्ट देगा, लेकिन एक सप्ताह तक कोई नहीं गया.
इसके बाद कई बार जेई व एसडीओ से मिला, लेकिन कोई भी सत्यापन नहीं करने गया और न ही कनेक्शन दिया गया. साथ ही कोई संतोषजनक जवाब भी नहीं दिया जा रहा है. उन्होंने इसके लिए पैसे मांगने का आरोप लगाया. इसको गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तुरंत पुलिस बुलाई और मौके पर मौजूद जेई पंकज कुमार को हिरासत में लेने का निर्देश दिया. इसके बाद पुलिस जेई को हिरासत में लेकर थाने चली गयी.
देवरिया के डीएम अखंड प्रताप सिंह का कहना है कि तहसील दिवस में अवसर पर विद्युत कनेक्शन में अनियमितता से संबंधित शिकायत आयी. उससे संबंधित जेई की कई बार शिकायत आयी कि कई मामलों में उनके द्वारा निर्धारित रूचि नहीं ली जा रही है. उनका यह व्यवहार उचित नहीं है। इसको देखते हुए उन्हें पुलिस आब्जर्वेशन में रखा गया है। उनका यह कृत्य किसी अनैतिक कर्म से प्रेरित तो नहीं है, पुलिस इसकी जांच कर रही है. जैसे ही जांच पूरी होती है, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

