ABC NEWS: कन्नौज के छिबरामऊ ब्लाक के शाहजहांपुर के प्राथमिक विद्यालय में गुरुजी की दादागिरी देखकर बच्चे सहम गए और सहायक अध्यापक की तबीयत बिगड़ गई. उपस्थित पंजिका पर मेडिकल अवकाश होने के बाद भी अनुपस्थित दर्ज करने पर सहायक अध्यापक से विवाद के बाद प्रधानाध्यापक ने फिल्मी अंदाज में कमर से रिवाल्वर निकालकर मेज पर रख दी. हालांकि प्रधानाध्यापक ने रिवाल्वर रखे जाने से इन्कार किया है.
ब्लाक संसाधन केंद्र छिबरामऊ के अंतर्गत गांव शाहजहांपुर में प्राथमिक विद्यालय संचालित है. यहां सोमवार को प्रधानाध्यापक आशीष राजपूत व जिला औरैया के गांव चिरैया निवासी सहायक अध्यापक विष्णु चतुर्वेदी के बीच उपस्थित पंजिका पर अनुपस्थित लगाने को लेकर विवाद हो गया.
विवाद के बाद सहायक अध्यापक की हालत बिगड़ गई. दूसरे विद्यालय के सहायक अध्यापक ने उन्हें नगला दिलू स्थित 100 शैया अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया.
अस्पताल में सहायक अध्यापक विष्णु चतुर्वेदी ने बताया कि शनिवार को उन्होंने मेडिकल अवकाश लिया था. इसे खंड शिक्षा अधिकारी छिबरामऊ ने स्वीकृत किया था. इसके बाद भी प्रधानाध्यापक ने उनकी अनुपस्थित उपस्थित पंजिका पर लगा दी. इस बात को कहने के लिए प्रधानाध्यापक के पास गए.
प्रधानाध्यापक ने बात नहीं सुनी। उनकी मेज पर खुली रिवाल्वर रखी हुई थी. इससे वह भयभीत हो गए और हालत बिगड़ गई। साथी सहायक अध्यापक में अस्पताल में भर्ती कराया। शिक्षक के अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी पर खंड शिक्षा अधिकारी डा. विमल तिवारी व कई अध्यापक अस्पताल पहुंचे.
प्रधानाध्यापक आशीष राजपूत ने बताया कि उन्होंने निजी सुरक्षा के लिए शस्त्र लाइसेंस कराया है. प्रतिदिन वह घर से रिवाल्वर लेकर जाते हैं। इसे कार की डिग्गी से निकालकर कक्ष में बनी अलमारी में रख देते हैं. जिस स्थान पर गाड़ी खड़ी की जाती है, वहां से कक्ष की दूरी करीब 200 मीटर है.
इसके अलावा कभी वह परिसर में रिवाल्वर लेकर नहीं घूमते हैं. अलमारी से निकालने के बाद सीधे कार की ड्रा में आकर रखते हैं. उनकी माताजी गांव से ग्राम प्रधान का चुनाव लड़ती हैं. इसकी वजह से लोगों से रंजिश रहती है। रास्ते में सुरक्षा को लेकर वह रिवाल्वर लेकर जाते हैं. विद्यालय परिसर में सुरक्षा को लेकर रिवाल्वर का कोई संबंध नहीं रखते हैं.
सोमवार को सहायक अध्यापक विष्णु चतुर्वेदी ने अनुपस्थित लगाने को लेकर विवाद किया. उन्होंने अनुपस्थित नहीं लगाई थी. केवल कालम पर रेड लाइन खींची थी. चिकित्सा अवकाश की उन्हें जानकारी नहीं थी. इसकी कोई सूचना उन्हें नहीं दी गई थी, इसे सीधे खंड शिक्षा अधिकारी से स्वीकृत कराया गया था.
षड्यंत्र के तहत मनमाने आरोप उन पर लगाए जा रहे हैं. वहीं विद्यालय की सहायक अध्यापक प्रीति यादव, दीपशिखा, निरुपम दुबे प्रतिमा देवी व साधना देवी ने बताया कि विद्यालय परिसर में रिवाल्वर वाली कोई घटना नहीं हुई है.

