यूपी पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा पेपर लीक की अफवाह फैलाने के मामले में सपा के पूर्व मंत्री यासर शाह समेत 7 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कराई गई है. भर्ती बोर्ड ने हुसैनगंज थाने में एफआईआर दर्ज कराई है. भर्ती बोर्ड का कहना है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म टेलीग्राम चैनल पर QR code के जरिए फर्जी प्रश्न पत्र के बदले मोटी रकम मांगी जा रही है. इस मामले में शोएब नबी सेफी, हरीश कुमार भगत, डिलाइट इंटरप्राइजेज, मनु कुमार श्रीवास्तव, कपिल जांगिड़, सिद्धार्थ कुमार गुप्ता, यासर शाह समेत 7 लोगों का नाम सामने आया है. एफआईआर के मुताबिक यासर शाह ने अपने X एकाउंट @yasarshah_sp से पेपर लीक का असत्य, अपमानजनक पोस्ट किया.
मालूम हो कि उत्तर प्रदेश में 60 से अधिक पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती 2024 के लिए शुक्रवार से परीक्षा शुरू हो चुकी है. 23, 24, 25, 30 और 31 अगस्त 2024 को दो-दो शिफ्ट में परीक्षा आयोजित की जाएगी. एक शिफ्ट में करीब 2616 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे. परीक्षा को शुचिता पूर्ण ढंग से कराने के लिए नौ स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की तैनाती गई है. साइबर थाने को जिले का कंट्रोल रूम बनाया गया है. बड़ी संख्या में पुलिस बल और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जारी रही है. यूपी सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए करीब 40 लाख से अधिक उम्मीदवारों ने आवेदन किया है. उम्मीदवारों का सलाह दी जाती है कि परीक्षा से जुड़ी हर जरूरी जानकारी के लिए यहां दिए जा रहे ताजा अपडेट्स फॉलो कर सकते हैं.

