ABC NEWS: कानपुर के बर्रा हाईवे पर देर रात गिट्टी लदे डंपर और तार लदे ट्रेलर में ओवरटेक करने केा लेकर सीधी भिड़ंत हो गई। भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई. जिससे हाईवे पर अफरातफरी मच गई. सूचना पर पहुंची पुलिस मशक्कत के बाद दोनों वाहनों के चालक को खलासी को निकालकर एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया.
हादसे के बाद एलीवेटेड हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की कतारें लग गई. जिसे खुलवाने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी. अजमेर निवासी रामनिवास शनिवार देर रात झारखंड से ट्रेलर में तार लादकर पंजाब जा रहे थे उनके साथ खलासी कमलेश भी था। अभी वह बर्रा बाईपास पर एलीवेटेड हाईवे पर पहुंचे थे कि ओवरटेक के चक्कर में सामने से झांसी से गिट्टी लादकर आ रहे तेज रफ्तार डंपर से उनकी भिड़ंत हो गई. हादसे के बाद डंपर और ट्रेलर में आग लग गई.
हादसे में डंपर सवार जालौन निवासी नसीब अहमद और खलासी कृष्णपाल दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये. पुलिस ने राहगीरों की मदद से डंपर और ट्रेलर में फंसे चालक व खलासी को किसी तरह निकालकर एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. थाना प्रभारी ने बताया किसी तरह आग बुझाकर घायलों को एलएलआर में भर्ती कराया क्षतिग्रस्त वाहनेां को हटवाकर यातायात सामान्य कराया जा रहा है.

