ABC NEWS: यूपी के मुरादाबाद में रविवार की दोपहर भीषण हादसा हो गया. भगतपुर थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर दलतपुर-काशीपुर मार्ग पर खैरखाता गांव के पास डीसीएम कैंटर ने लोडर वाहन (छोटा हाथी) में सामने से जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में छोटा हाथी वाहन में सवार 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 13 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का उपचार जिला अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में चल रहा है. हादसे में जान गंवाने वालों में पांच महिलाएं, तीन बच्चे और दो पुरुष शामिल हैं. हादसे के गांव भोजपुर के गांव कोरवाकू में कोहराम मचा है. हादसे में दस लोगों की मौत के बाद से पूरे गांव में मातम छाया है. सूचना पर शादी वाले घर में भी सन्नाटा पसर गया. बेहद गमगीन माहौल में सादगी के साथ निकाह की रस्में अदा कराई गईं.
भोजपुर थाना क्षेत्र के गांव कोरबाकू निवासी शब्बीर, छोटे और अब्बास सगे भाई हैं. उनकी रामपुर के गांव खेमपुर रसूलपुर नगला निवासी बहन मैसर जहां के बेटी का रविवार को निकाह था, जबकि सोमवार को बेटे का निकाह होना है. तीनों भाई अपने परिवारों के साथ भात भरने के लिए छोटा हाथी वाहन में सवार होकर घर से रामपुर के लिए निकले थे. उनके साथ गांव के ही कुछ रिश्तेदार और पड़ोसी भी शामिल हो गए. बताया गया कि छोटा हाथी वाहन में करीब 25 लोग सवार थे. दोपहर करीब डेढ़ बजे जब छोट हाथी वाहन काशीपुर-दलपतपुर रोड पर भगतपुर थाना क्षेत्र के गांव खैरखाता के पास स्थित राजधानी होटल के आगे पहुंचा तभी सामने से आ रहे डीसीएम कैंटर ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी.
टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि दोनों वाहन सड़क किनारे पलट गए. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य करीब 20 घायलों को उपचार के लिए पहले सीएचसी भोजपुर लाया गया, जहां से गंभीर घायलों जिला अस्पताल ले जाया गया. जहां उपचार के दौरान सात और लोगों ने दम तोड़ दिया. हादसे में 13 लोग घायल हुए हैं, इनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है. जिला अस्पताल से पांच गंभीर घायलों को कांठ रोड के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

