ABC NEWS: ( भूपेंद्र तिवारी ) यूपी में एक बार फिर मौसम में उलटफेर हुआ है. सोमवार समूचे UP में भारी वर्षा हुई और कानपुर के साथ कई जिलों में ओले भी गिरे. मौसम विभाग ने इसका अलर्ट पहले से जारी किया था. मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज समेत 15 जिलों में आंधी-बारिश का येलो अलर्ट जारी किया था. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, अगले 5 दिनों तक प्रदेश का मौसम ऐसा ही उतार-चढ़ाव भरा रहेगा.
कानपुर में दोपहर बाद मौसम कुछ इस तरह बदला कि दिन में ही रात हो गई. घने काले बादल छा गए. तेज धूल भरी आंधी आई और तूफानी हवाएं चलने लगीं. इसके बाद ओलावृष्टि के साथ बारिश भी हुई. गर्मी से तो राहत मिल गई लेकिन किसानों के चेहरे मुरझा गए.
रविवार के बाद सोमवार को भी ठीक उसी समय मौसम बदला। सवेरे धूप खिली लेकिन दोपहर बाद धीरे-धीरे बादल घने होते रहे। करीब पौन घंटे तक तेज धूल भरी हवाएं चलती रहीं. फिर अंधेरा छा गया. दिन में ही वाहनों में लाइट जलानी पड़ी.

नामांकन जुलूस में भगदड़
शहर के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि के साथ मध्यम बारिश हुई लेकिन कुछ स्थानों पर तेज वर्षा हुई. बारिश होने से नगर निकाय चुनाव में चल रहे नामांकन जुलूस भी प्रभावित हुए. ऐसे में भगदड़ जैसी स्थिति हो गई. बारिश के कारण फसलों को भी काफी नुकसान पहुंचा है. मौसम विभाग का मानना है कि 28 अप्रैल तक इस तरह का बदलाव बना रहेगा.
इसके अलावा, मथुरा, बागपत, गाजीपुर, रायबरेली में कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई. बागपत में 2 मिमी. बारिश रिकॉर्ड की गई. बारिश और आंधी के चलते गर्मी से लोगों को राहत मिली. प्रदेश में बरेली जिले में रात सबसे ठंडी रही. यहां न्यूनतम तापमान में 7 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है. पारा 17.6°C पर पहुंच गया.
इन शहरों में अलर्ट, 28 अप्रैल तक बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक, यूपी में 28 अप्रैल तक आंधी और बारिश की संभावना है. सोमवार को जिन जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है, इनमें कानपुर, लखनऊ, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, मिर्जापुर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा और रायबरेली हैं। इस दौरान आंधी और बिजली गिरने की भी आशंका है.

