लोकसभा चुनाव में मिली हार के बाद से यूपी में भाजपा ने बड़ा एक्शन लिया है. यूपी के 75 में से 74 जिलों के प्रभारी मंत्रियों को बदल दिया गया है. गुरुवार की शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सभी मंत्रियों की बैठक भी बुलाई थी. इसी बैठक के बीच ही यह फैसला लिया गया है. फिलहाल दोनों डिप्टी सीएम केशव मौर्य और ब्रजेश पाठक को कोई जिला नहीं दिया गया है. लोकसभा चुनाव में खराब प्रदर्शन और आने वाले उपचुनाव को देखते हुए प्रभारियों का बदलाव किया गया है. केवल पीलीभीत में बदलाव नहीं किया गया है. पीलीभीत के प्रभारी मंत्री बलदेव औलख ही रहेंगे.
खास जिलों की बात करें तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी की जिम्मेदारी जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को दी गई है. उन्हें अमेठी का भी जिम्मा मिला है. अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही को अब लखनऊ की जिम्मेदारी मिली है. अखिलेश यादव के इलाके मैनपुरी की जिम्मेदारी प्रदेश के शिक्षा मंत्री और कल्याण सिंह के बेटे संदीप सिंह को दी गई है. इसी तरह योगी के जिले गोरखपुर की जिम्मेदारी संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना को मिली है. उनके पास अंबेडकरनगर का भी प्रभार रहेगा.
सीएम योगी के आवास पर हुई मंत्रीपरिषद की बैठक मेंं दोनो डिप्टी सीएम और सभी मंत्री मौजूद रहे. भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने भी इस दौरान जरूरी निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने विधानसभा उपचुनाव को लेकर की गई तैयारियो की समीक्षा भी की. सुशासन, संवाद व समन्वय का मंत्र दिया. बैठक में प्रभारी मंत्रियो के जिलों में हुए अब तक के काम-काज की समीक्षा की गई. इसी के बाद प्रभारी मंत्रियो के जिलों में बदलाव किया गया.
सुभासपा प्रमुख और कैबिनेट मंत्री ओपी राजभर और दारा सिंह चौहान के पास अभी तक किसी जिले का प्रभार नहीं था. अब दोनों को दो-दो जिले मिल गए हैं. ओपी राजभर को देवरिया और भदोही जिले का प्रभारी बनाया गया है. दारा सिंह चौहान को फतेहपुर और बलिया का प्रभारी नियुक्त किया गया है.

