ABC NEWS: अतीक अहमद का करीबी और उमेश पाल अपहरण कांड में उम्रकैद की सजा काट रहा अतीक का वकील खान सौलत हनीफ सरकारी गवाह बनने के लिए तैयार हो गया है. लेकिन उसने पुलिस के सामने एक शर्त रखी है. पुलिस ने खान सौलत हनीफ से पूछताछ की. सूत्रों के मुताबिक इस पूछताछ में उसने पुलिस अफसरों के सामने सरकारी गवाह बनाने की पेशकश की.
खान सौलत ने कहा कि वह सरकारी गवाह बनने के लिए तैयार है, लेकिन फिर आगे उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं होना चाहिए. खान सौलत सरकारी गवाह बनकर उसके नाम पर खरीदी गईं अतीक अहमद की बेनामी संपत्तियों को बचाना चाहता था. वह घर से मिली पिस्टल में भी आर्म्स एक्ट का मुकदमा ना दर्ज करने की बात कह रहा था. लेकिन उसके शातिर दिमाग की चाल को पुलिस अधिकारी समझ गए और उसका सरकारी गवाब बनने का प्लान फेल हो गया.
इससे पहले प्रयागराज की धूमनगंज पुलिस ने खान सौलत हनीफ से 12 घंटे तक पूछताछ की. अतीक अहमद के वकील की पुलिस हिरासत प्रयागराज की सीजेएम कोर्ट ने दी थी. कोर्ट ने आदेश दिया था कि जब हनीफ से पूछताछ की जाएगी तो उसके वकील भी 10 मीटर के दायरे में मौजूद रहेंगे.
हनीफ के घर से पिस्टल-आईफोन बरामद
अतीक अहमद के वकील खान सौलत हनीफ से पूछताछ के बाद पुलिस ने 9MM की पिस्टल और कारतूस बरामद किया. अतीक ने ये पिस्टल हनीफ को दी थी, उसे हनीफ के घर से ही बरामद किया गया. इसके अलावा उमेश पाल हत्याकांड की साजिश के लिए इस्तेमाल किया गया आईफोन समेत तीन मोबाइल बरामद किए गए. हनीफ पर उमेश पाल हत्याकांड की साजिश में शामिल होने का आरोप है.
पुलिस को उमेश मर्डर में मिली थी भूमिका
पुलिस को उमेश पाल हत्याकांड में वकील खान सौलत हनीफ की भूमिका भी मिली थी. एनकाउंटर मे मारे गए अतीक अहमद के बेटे असद और अतीक अहमद के वकील खान सौलत हनीफ का मोबाइल चैट सामने आया था. खान सौलत ने असद को उमेश पाल की तस्वीर भेजी थी. कई तस्वीरें 19 फरवरी को भेजी गईं थीं, जिसके बाद असद ने उन तस्वीरों को दूसरे शूटर्स को भेज दिया था.

