ABC NEWS: आगामी लोकसभा चुनाव के लिए समाजवादी पार्टी उम्मीदवारों की तीन सूचियां जारी कर चुकी है. प्रत्याशियों की लिस्ट में शिवपाल सिंह समेत यादव परिवार के कई चेहरे दिखाई दिए लेकिन सपा प्रमुख अखिलेश यादव का नाम अब तक नदारद रहा है. वह किस सीट से चुनावी ताल ठोंकेंगे यह अभी साफ नहीं हुआ है लेकिन सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव कन्नौज लोकसभा सीट से चुनाव लड़ सकते हैं.
सूत्रों के मुताबिक अखिलेश यादव का कन्नौज सीट से चुनाव लड़ना लगभग तय हो चुका है. पार्टी सूत्रों के अनुसार कन्नौज के पदाधिकारियों को भी इसके लिए अलर्ट किया गया है. कन्नौज सीट इस समय बीजेपी के खाते में हैं. यहां से सुब्रत पाठक सांसद हैं. बीजेपी ने एक बार फिर सुब्रत पाठक को मैदान में उतारा है. इसके बाद चर्चा है कि सपा प्रमुख अखिलेश यादव खुद सुब्रत पाठक के खिलाफ मोर्चा संभाल सकते हैं.
अखिलेश की कर्मस्थली रही है कन्नौज
बता दें कि कन्नौज लोकसभा सीट सपा प्रमुख अखिलेश यादव की कर्मस्थली रही है. अखिलेश ने कन्नौज सीट से साल 2000 में उप चुनाव जीता था. इसके बाद 2004 में यहां से वह सांसद बने. इसके बाद 2009 में भी यहां से जीतकर लोकसभा पहुंचे. इसके बाद 2012 में मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने यह सीट छोड़ दी, उपचुनाव में उनकी पत्नी सीट डिंपल यादव ने यहां से जीत हासिल की.
सपा की परंपरागत सीट रही है कन्नौज
यहां 1998 के बाद 2019 तक सपा प्रत्याशी जीतती रही. यहां से सपा संस्थापक स्व. मुलायम सिंह यादव के बाद अखिलेश यादव और फिर उनकी पत्नी डिंपल यादव सांसद रहीं. हालांकि 2019 लोकसभा चुनाव में डिंपल यादव के चुनाव हारने के बाद भी 2024 लोकसभा चुनाव में कन्नौज सीट को सपा सबसे सुरक्षित मान रही है.
कई बडे़ चेहरे पहुंचे लोकसभा
कभी फर्रूखाबाद लोकसभा सीट का हिस्सा रही कन्नौज से राम मनोहर लोहिया 1967 में सांसद बने थे. इसके साथ ही कांग्रेस से शीला दीक्षित, समाजवादी पार्टी से मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव और डिंपल यादव सहित कई बड़े नेता संसद पहुंच चुके हैं.
कन्नौज में आती हैं 5 विधानसभा सीटें
कन्नौज लोकसभा सीट में 5 विधानसभा आती हैं, इसमें से 4 पर बीजेपी का कब्जा है जबकि एक सीट सपा के पास है. छिबरामऊ विधानसभा अर्चना पांडे (भाजपा), तिर्वा विधानसभा कैलाश राजपूत (भाजपा), सदर विधानसभा असीम अरुण (भाजपा), रसूलाबाद, कानपुर देहात पूनम संखवार भाजपा से विधायक हैं जबकि बिधूना विधासभा से रेखा वर्मा समाजवादी पार्टी की विधायक हैं.

