ABC NEWS: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रोजेक्ट टाइगर के 50 साल पूरे होने पर कर्नाटक के बांदीपुर और मुदुमलाई टाइगर रिजर्व का दौरा किया. इस दौरान उन्होंने बांदीपुर टाइगर रिजर्व में सफारी का आनंद लिया. पीएम मोदी ने यहां कैमरे से कई तस्वीरें क्लिक कीं. हाथी को अपने हाथों से गन्ना खिलाया और दूरबीन की मदद से नजारों का लुत्फ भी उठाया.
पीएम मोदी ने मुदमलाई टाइगर रिजर्व में थेप्पाकडू हाथी कैंप (Theppakadu elephant camp) का दौरा भी किया. यह वही हाथी कैंप है, जिसमें ऑस्कर विनिंग फिल्म ‘द एलिफेंट व्हिस्परर्स’ वाला रघु भी रहता है. ‘द एलिफेंट व्हिसपरर्स’ भारत की पहली डॉक्यूमेंट्री है, जिसे ऑस्कर से सम्मानित किया गया है. फिल्म एक कपल की कहानी को दर्शाती है, जो एक हाथी के बच्चे को अपने बच्चे की तरह पालता है.
दौरे पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के न्यू लुक की तस्वीर सामने आई. इसमें पीएम खाकी रंग के पेंट के साथ प्रिंटेड टी शर्ट में नजर आए. उन्होंने काले रंग की टोपी और काले रंग के जूते भी पहने हुए हैं. फोटो में पीएम मोदी हाथ में हाफ जैकेट लिए नजर आ रहे हैं.

IBCA की लॉन्चिंग भी करेंगे पीएम मोदी
पीएम मोदी सुबह बांदीपुर टाइगर रिजर्व का दौरा करेंगे. इसके बाद 11 बजे बाघ गणना के आंकड़े जारी करेंगे. इस दौरान वह ‘अमृत काल’ के दौरान बाघ संरक्षण के लिए सरकार का विजन भी जारी करेंगे और इंटरनेशनल बिग कैट्स एलायंस (आईबीसीए) की लॉन्चिंग भी करेंगे. IBCA दुनिया की सात प्रमुख बड़ी बिल्लियों – बाघ, शेर, तेंदुआ, हिम तेंदुआ, प्यूमा, जगुआर और चीता के संरक्षण और संरक्षण पर ध्यान केंद्रित करेगा.
महावतों -फ्रंटलाइन स्टाफ से करेंगे बात
बांदीपुर टाइगर रिजर्व में पीएम मोदी बाघों के संरक्षण की गतिविधियों में शामिल फ्रंटलाइन फील्ड स्टाफ और स्वयं सहायता समूहों के साथ बातचीत भी करेंगे. पीएम मुदुमलाई टाइगर रिजर्व में थेप्पाकडू हाथी शिविर का भी दौरा करेंगे और हाथी शिविर के महावतों और ‘कावड़ियों’ से बातचीत करेंगे. प्रधान मंत्री बाघ अभयारण्यों के फील्ड निदेशकों के साथ भी बातचीत करेंगे, जिन्होंने हाल ही में संपन्न प्रबंधन प्रभावशीलता मूल्यांकन अभ्यास के 5वें चक्र में सर्वोच्च स्कोर किया है.

प्रोजेक्ट टाइगर क्या है?
बाघों की घटती आबादी को संरक्षण देने के लिए 1 अप्रैल 1973 को भारत में प्रोजेक्ट टाइगर लॉन्च किया गया. शुरुआत में इस योजना में 18,278 वर्ग किमी में फैले 9 टाइगर रिजर्व को शामिल किया गया. पिछले 50 सालों में इस योजना का विस्तार हुआ और आज इनकी संख्या बढ़कर 53 हो गई है. ये 53 टाइगर रिजर्व 75,500 वर्ग किमी में फैले हैं.
कर्नाटक में 10 मई को होना है चुनाव
कर्नाटक में चुनाव सिर पर हैं. वहां 10 मई को निर्वाचन होना है, जिसके नतीजे 13 मई को आएंगे. चुनाव को देखते हुए पीएम मोदी का यह दौरा बेहद खास माना जा रहा है. पीएम के इस दौरे पर कर्नाटक कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सिद्धारमैया सवाल उठा चुके हैं. उन्होंने दौरे से पहले कहा था कि आचार संहिता प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, मंत्रियों या विधायकों की परवाह किए बिना सभी के लिए समान रूप से लागू होती है.

SC को बताई गई थी बाघों की संख्या
इससे पहले जनवरी 2023 में केंद्र सरकार ने सुप्रीम कोर्ट को बताया था कि देश के 53 टाइगर रिजर्व में 2,967 बाघ हैं. ये आंकड़ा 2018 की एख रिपोर्ट के हवाले से दिया गया था. अदालत 2017 की एक याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें विलुप्त हो रहे बाघों को बचाने का अनुरोध किया गया था.
घटती आबादी का बड़ा कारण शिकार
बाघ को अभी भी ‘लुप्तप्राय’ के रूप में वर्गीकृत किया गया है. बाघों की 93 फीसदी तक नुकसान हो गया है और बाघों की संख्या एक सदी पहले 100,000 से कम हो गई. अवैध शिकार और आवास विनाश प्रमुख कारणों में से हैं.

