ABC NEWS: कानपुर की जूही सब्जी मंडी ओ-ब्लॉक में बुधवार शाम भीषण आग लग गई. आग इतनी विकराल थी कि आसपास के लोग अपनी दुकान, मकान और गोदाम छोड़कर भाग निकले. सूचना पर फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियां आग बुझाने का प्रयास कर रही हैं. कपड़ा गोदाम में तीसरी व चौथी मंजिल पर आग लगने से फायर ब्रिगेड कर्मियों को बुझाने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है.
बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर आग से बुझाना हो रहा मुश्किल
डीसीपी साउथ प्रमोद कुमार ने बताया कि कानपुर जूही थाना क्षेत्र के ओ-ब्लॉक सब्जी मंडी में एक मकान में कपड़े का गोदाम बना हुआ है। गोदाम के तीसरी व चौथी मंजिल पर अचानक से बुधवार शाम को आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बिल्डिंग को चपेट में ले लिया.
आग की भयावहता देख आसपास के सभी मकान, दुकान और गोदाम से लोगों को खाली कराया गया। फायर ब्रिगेड की 10 गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत से दो घंटे में आग पर काबू पाया.

फैक्ट्री मालिक मौके पर नहीं पहुंचा
डीसीपी ने बताया कि जांच में सामने आया कि लखनऊ निवासी मो. सूफियान का फोम और गत्ते का गोदाम था. अनुमान है कि बंद गोदाम में पटाखा या फिर शॉर्ट सर्किट की चिंगारी से आग लगी है. मालिक को पूछताछ के लिए बुलाया गया है. फिलहाल किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई है. समय रहते फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पा लिया.
फायर स्टेशन के सामने आग लगने से टला हादसा
किदवई नगर ओ-ब्लॉक सब्जी मंडी में किदवई नगर फायर स्टेशन है. फायर स्टेशन की सौ कदम की दूरी पर बने इस गोदाम में आग लगी थी. इसके चलते फायर ब्रिगेड ने चंद मिनट पर मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू कर दिया और आग को बढ़ने से रोका. पड़ोसी संतोष कुमार गुप्ता और राजा सिंह का मकान खाली करा दिया गया था, लेकिन समय रहते आग बुझाने से कोई नुकसान नहीं हुआ.

