ABC News: कनाडा में भारतीय मूल के दो लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. घटना ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत के सरे शहर में एक वॉलमार्ट स्टोर के बाहर हुई. पुलिस का मानना है कि यह कोई अचानक हुई वारदात नहीं, बल्कि पहले से निशाना बनाकर किया गया हमला था. शुरुआती जांच में इसका संबंध संगठित अपराध से जुड़ा होने की आशंका जताई गई है. मृतकों की पहचान 23 वर्षीय गगनप्रीत (गैरी) रेहल और 24 वर्षीय सुखजीत कौर के रूप में हुई है. दोनों की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई.

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, यह गोलीबारी 15 नवंबर की रात सरे शहर में वॉलमार्ट स्टोर के बाहर हुई थी. पुलिस की एकीकृत हत्या जांच टीम (आईएचआईटी) ने दोनों मृतकों की पहचान सार्वजनिक की है. गगनप्रीत रेहल और सुखजीत कौर पड़ोसी डेल्टा टाउनशिप में रहते थे. गोली लगने के बाद दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी. पुलिस के अनुसार, गगनप्रीत पहले भी हथियारों से जुड़े मामलों में पुलिस के रिकॉर्ड में रहा था. वहीं, सुखजीत के कनाडा में बहुत कम लोगों से संपर्क होने की जानकारी सामने आई है. जांच टीम का मानना है कि दोनों को निशाना बनाकर गोली मारी गई. पुलिस ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि शुरुआती जांच में इस वारदात का संबंध संगठित अपराध से जुड़ा दिखाई दे रहा है. हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि हमलावर कौन थे और उन्होंने दोनों को किस वजह से निशाना बनाया. पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है. जांच अधिकारियों के मुताबिक, यह हमला दो परिवारों के लिए बड़ा दुख लेकर आया है और इसमें दो लोगों की जान चली गई. पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी वाली जगह के पास रात 10 बजकर 51 मिनट पर एक कार में आग लगने की सूचना मिली थी. जांच अधिकारियों को संदेह है कि इस कार का संबंध गोलीबारी से है. माना जा रहा है कि हमलावरों ने इसी वाहन का इस्तेमाल किया होगा. कार पूरी तरह जल चुकी थी. पुलिस इस वाहन को संदिग्ध गाड़ी मानकर जांच कर रही है. अधिकारियों को उम्मीद है कि वाहन से जुड़े सुरागों के जरिए हमलावरों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है. एकीकृत हत्या जांच टीम की अधिकारी सार्जेंट फ्रेडा फोंग ने कहा कि इस गोलीबारी में दो लोगों की जान गई है और इससे उनके परिवारों को गहरा दुख पहुंचा है. पुलिस ने घटना को टारगेटेड शूटिंग माना है और संगठित अपराध से इसके संभावित संबंध की जांच कर रही है. हालांकि, हमले के पीछे की वजह, आरोपियों की पहचान और मृतकों को निशाना बनाने का कारण अभी सामने नहीं आया है. फिलहाल पुलिस आसपास के घटनाक्रम और जली हुई कार से जुड़े सबूतों की जांच कर रही है.

