ABC News: कानपुर में लगने वाला जाम लोगों की जिंदगियों पर भारी पड़ रहा है. एक दिन पहले भाजपा की पदयात्रा, स्वागत कार्यक्रम और त्योहारी भीड़ की वजह से सड़कों पर लगा जाम सिपाही की जिंदगी पर भारी पड़ गया. करीब एक घंटे तक झकरकटी पुल पर एंबुलेंस जाम में फंसी रही और हैलट पहुंचने से पहले ही घायल सिपाही ने दम तोड़ दिया.

घाटमपुर के मोतीपुर गांव निवासी प्रमोद सचान ने बताया कि उनके इकलौते पुत्र प्रांशु 2025 बैच का सिपाही था. वर्तमान में उसकी तैनाती अंबेडकरनगर जिले की डांडा कोतवाली में थी. पिता के मुताबिक, वे लोग फतेहपुर के कल्याणपुर क्षेत्र में बक्सर मोड़ के पास जा रहे थे, तभी डंपर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी. भागने के प्रयास में डंपर चालक ने प्रांशु को रौंद दिया, जिससे वह बुरी तरह से घायल हो गया. हादसे के बाद डंपर चालक भाग निकला. आनन फानन में प्रांशु को पहले सीएचसी ले गए, वहां से उसे हैलट अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया.

इस दौरान टाटमिल चौराहे से झकरकटी पुल तक उसकी एंबुलेंस करीब एक घंटे तक जाम में फंसी रही. इस दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी रास्ता खुलवाने के लिए जूझते रहे. किसी तरह जब एंबुलेंस हैलट अस्पताल पहुंची तो यहां पर डॉक्टरेां ने प्रांशु को मृत घोषित कर दिया. इकलौते बेटे को खोने के सदमे में पिता बार-बार जाम और व्यवस्था को कोसते रहे.

