ABC News: कानपुर में शास्त्रीनगर के कुम्हार वाली गली में बहन से गाली-गलौज करने पर गुस्साए युवक ने पड़ोस में रहने वाले चचेरे भाई को लाठी-डंडे से पीट-पीटकर कर मार डाला. घटना के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गया. युवक की मौत के बाद उसके घर में कोहराम मचा हुआ है.

बताया जा रहा है कि शास्त्री नगर मतैयापुरवा निवासी राकेश कुमार प्रजापति मजदूरी करते थे. पत्नी मोनी ने बताया कि सोमवार को वह काम करने के लिए गई थीं. परिजनों ने बताया कि राकेश शराब पीकर घर आया था. यहां पर वह पड़ोस में रहने वाली शादीशुदा चचेरी बहन सुमन से बात करने लगा. इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिस पर राकेश ने सुमन को गाली दे दी. जिससे नाराज सुमन ने राकेश को एक के बाद एक कई थप्पड़ जड़ दिए. शोरगुल सुनकर सुमन का भाई रवि, उसकी पत्नी अनीता व मां पप्पी मौके पर पहुंचे और राकेश पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया.
राकेश के मरणासन्न होने के बाद रवि उसे आनन-फानन में हैलट अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जिसके बाद रवि अस्पताल से भाग निकला. वहीं घटना की जानकारी पर राकेश की पत्नी मौके पर पहुंची और उन्होंने डॉयल-112 पर जानकारी दी. सूचना पर काकादेव पुलिस पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की. डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मृतक की पत्नी की तहरीर पर रवि, उसकी पत्नी अनीता, मां पप्पी और बहन सुमन के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. तीन आरोपियों को अरेस्ट कर लिया गया है, जबकि रवि की तलाश में दो टीमें लगी हुई हैं.

