ABC News: कानपुर में बिठूर नगर पंचायत अध्यक्ष पद हुए उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी राणा समरेंद्र सिंह 2483 वोट से विजयी हुए हैं. राणा समरेंद्र सिंह को 4210 वोट मिले हैं. वहीं, दूसरे नंबर पर सपा समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी आदर्श द्विवेदी उर्फ विभु रहे, जिन्हें 1727 वोट मिले. वहीं, कांग्रेस प्रत्याशी समेत पांच उम्मीदवारों की जमानत जब्त हो गई. कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप द्विवेदी को सिर्फ 56 वोट ही मिले.
बता दें कि नगर पंचायत अध्यक्ष पद का यह उपचुनाव राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा था. इसके पहले राणा समरेंद्र सिंह और विधायक अभिजीत सिंह सांगा की मां डॉ. निर्मला सिंह नगर पंचायत अध्यक्ष थीं. उनके निधन के बाद से यह सीट रिक्त हो गई थी. डॉ. निर्मला सिंह पांच बार नगर पंचायत अध्यक्ष निर्वाचित हुई थीं. वर्ष 2000 में उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पहली बार जीत दर्ज की थी. इसके बाद वर्ष 2006 और 2012 में भी अध्यक्ष बनीं. वर्ष 2017 और 2023 में भाजपा के टिकट पर जीत हासिल की थी.
राणा समरेंद्र सिंह की जीत के लिए इस बार विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने पूरा जोर लगा रखा था. लगातार वह बिठूर में घूम—घूमकर अपने बड़े भाई के लिए जनसंपर्क में भी लगे रहे. नगर पंचायत अध्यक्ष की सीट पर यह जीत इसलिए भी मायने रखती है क्योंकि इसके जरिए विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने जहां अपने राजनीतिक विरोधियोें को परास्त किया है, वहीं, इस मिथक को तोड़ा है कि बिठूर में ब्राह्मणों की उनसे किसी तरह की नाराजगी है.
विधायक अभिजीत सिंह सांगा ने खुद कहा कि बिठूर की 70 फीसदी से अधिक मतदाताओं ने भरोसा जताया है.

