ABC News: कानपुर कमिश्नरेट की साइबर क्राइम पुलिस ने ईडी और सीबीआई अधिकारी बनकर लोगों को डिजिटल अरेस्ट करने वाले अंतरराज्यीय साइबर ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों वासु, आतिश कुमार और कंचन प्रजापति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार गिरोह का मास्टरमाइंड मुकुल चौबे फरार है और उसे मामले में वांछित किया गया है.
पुलिस के मुताबिक, गिरोह के सदस्य पहले खुद को ईडी का वरिष्ठ अधिकारी बताकर पीड़ित से बातचीत करते थे. इसके बाद कॉल को अपने साथी के पास ट्रांसफर कर दिया जाता था. साथी खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर पीड़ित को डिजिटल अरेस्ट करने, मुकदमे में फंसाने और परिवार को नुकसान पहुंचाने का डर दिखाता था. इसके बाद पीड़ित से बैंक खातों में रकम ट्रांसफर करा ली जाती थी. इसी तरीके से स्वरूपनगर निवासी चिकित्सक योगेश चंद्र मिश्रा को भी निशाना बनाया गया. पुलिस के अनुसार, सीबीआई का वरिष्ठ अधिकारी बनकर बातचीत करते हुए आरोपियों ने चिकित्सक से करीब 48 लाख रुपये की ठगी की.
जांच में पुलिस को पता चला कि आरोपियों ने फर्जी आधार और पैन कार्ड के जरिए खुद को प्रतापगढ़ का निवासी दिखाया. इसके बाद BAUKOYO CONTRACTORS PRIVATE LIMITED नाम से फर्जी फर्म रजिस्टर कराकर बैंक खाता खुलवाया गया. पुलिस के मुताबिक, इस खाते में 15 ट्रांजेक्शन के जरिए 25.98 लाख रुपये जमा कराए गए और रकम को उसी दिन देश के अलग-अलग राज्यों के 611 बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया. एनसीआरपी पोर्टल पर जांच के दौरान आरोपियों से जुड़े खातों के खिलाफ अलग-अलग राज्यों से चार साइबर अपराध शिकायतें मिलीं. पुलिस के अनुसार, इन शिकायतों में करीब 1.42 करोड़ रुपये की अनुमानित साइबर ठगी सामने आई है.

