ABC News: कानपुर में चेतावनी बिंदु के उपर चल रहीं गंगा का जलस्तर अब घटने लगा है. पिछले 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में मामूली गिरावट दर्ज की गई है. हालांकि, जो गांव बाढ़ के पानी से प्रभावित हैं, वहां पर अभी भी पानी में कोई कमी नहीं आयी है, बनियापुरवा के कुछ परिवार अभी भी गंगा बैराज के पास बाढ़ राहत शिविर में आसरा लिए हुए हैं.

आपको बता दें कि सोमवार को गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर जलस्तर 114.670 मीटर पर और डाउन स्ट्रीम पर 114.280 मीटर पर रहा. वहीं शुक्लागंज गेज पर जलस्तर घटकर 113.050 मीटर दर्ज किया गया. बैराज से अभी भी काफी ज्यादा मात्रा में पानी को छोड़ा जा रहा है. सोमवार को बैराज से चार लाख 12 हजार 548 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया. वहीं, हरिद्वार बैराज से 74,532 क्यूसेक और नरोरा बैराज से 64,283 क्यूसेक पानी लगातार डिस्चार्ज किया गया है.

