ABC News: कानपुर में गंगा का रौद्र रूप लगातार दिखने लगा है. गुरूवार को शुक्लागंज की तरफ भी गंगा चेतावनी बिंदु पार कर गईं. यहां पर गंगा का जलस्तर 113.020 मीटर पर पहुंच गया. वहीं, गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर जलस्तर 114.630 और डाउन स्ट्रीम पर 114.280 मीटर पर पहुंच गया. गुरूवार को बैराज से 4,07,895 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है.

सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार, हरिद्वार से 81 हजार 514 और नरौरा से 1 लाख पांच हजार 633 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया. इसके बाद कटरी के चैनपुरवा गांव में बाढ़ का पानी पहुंच गया है. इसके अलावा दिवनीपुरवा, लोधवाखेड़ा आदि गांवों के रास्तों में गंगा का पानी पहुंच गया है. गंगा बैराज के पास बसे शिवदीनपुरवा, भोपालपुरवा में भी बाढ़ का संकट दिखा. बाढ़ का पानी आने से किसानों की फसलें भी डूब गई हैं, जिसको लेकर वह चिंताग्रस्त दिखे.

भैरोघाट की दहलीज तक आया पानी
गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु क्रॉस करने के बाद अब श्मशान घाटों पर मुश्किल बढ़ती जा रही है. बात अगर भैरोंघाट की करें तो यहां पर गंगा से सटे श्मशान स्थलों पर पानी आ चुका है. इसकी वजह से अब भैरोघाट के ऊपरी हिस्से में शवों का अंतिम संस्कार किया जा रहा है. यहां पर शवों का अंतिम संस्कार कराने वाले लोगों का कहना है कि अभी उतनी दिक्कत नहीं आ रही है, लेकिन गंगा का जलस्तर जिस तरह से बढ़ रहा है, उसके बाद घाट की तरफ जाने से लोगों को मना किया जा रहा है. भैरोघाट की सीढ़ियां उतरने के बाद जो घाट से सटे अंतिम संस्कार स्थल हैं, वह पूरी तरह से पानी में डूब चुके हैं, ऐसे में यहां पर लगातार सावधानी बरती जा रही है.

डीएम ने लिया जायजा
कानपुर में गंगा के चेतावनी बिंदु पार करने के बाद भगवानदीन का पुरवा में करीब 35 परिवार बाढ़ से प्रभावित दिख रहे हैं,,, इसके अलावा, बनियापुरवा और भोपालपुरवा के आसपास के क्षेत्रों में भी जलस्तर बढ़ा हुआ है,,,, डीएम ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लिया है,,, उन्होंने तहसील के अधिकारियों को आवश्यकता पड़ने पर प्रभावित लोगों को बाढ़ राहत चौकी पर शिफ्ट करने के निर्देश दिए हैं

