ABC News: कानपुर में जब से मेट्रो का संचालन शुरू हुआ, तब से लेकर अब तक उसने 1.50 करोड़ यात्रियों की राइडरशिप का आंकड़ा पार कर लिया है. कानपुर मेट्रो के अफसरों का कहना है कि इसकी यात्री सेवाओं का विस्तार नौबस्ता तक होने और कॉरिडोर-2 (सीएसए से बर्रा-8) के आरंभ होने के बाद यात्रियों की संख्या में और वृद्धि होगी. कानपुर में 30 मई 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आईआईटी से मोतीझील के बीच मेट्रो की यात्री सेवाओं की शुरूआत की थी.

वर्तमान में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक लगभग 15.50 किलोमीटर लंबे मार्ग पर 14 मेट्रो स्टेशनों के माध्यम से यात्री सेवाओं का परिचालन किया जा रहा है. आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक की दूरी तय करने में पहले जहां सवा घंटे से अधिक समय लगता था. वहीं अब यह दूरी महज 27 मिनट में तय की जा रही है. मेट्रो अफसरों का दावा है कि ट्रैफिक जाम से राहत, वातानुकूलित, आरामदायक यात्रा तथा किफायती किराया, इन सभी कारणों से मेट्रो शहरवासियों की पसंद बनती जा रही है. बताया गया कि जल्द ही कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक यात्री सेवाओं का विस्तार भी शीघ्र होने की संभावना है. इसके साथ ही सात नए स्टेशन; झकरकटी, ट्रांसपोर्ट नगर, बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर एवं नौबस्ता, मौजूदा मेट्रो नेटवर्क से जुड़ जाएंगे. आईआईटी से नौबस्ता तक की दूरी महज 40 मिनट में तय की जा सकेगी.

