ABC News: कल्याणपुर थानाक्षेत्र के इंदिरानगर स्थित रतन ऑर्बिट अपार्टमेंट में जब कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या हो रही थी, उस वक्त घटना की साजिशकर्ता आरोपी उनकी बहू शालू और बेटे सुब्रत एक लाउंज में पार्टी में जमकर थिरक रहे थे. इस सनसनीखेज वारदात के वक्त का एक नया वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें कारोबारी की बहु एक लाउंज में किटी पार्टी के दौरान बेफिक्र होकर डांस करती नजर आ रही है. हालांकि, एबीसी न्यूज इस वीडियो की पुष्टि नहीं करता है.
वायरल हो रहे वीडियो में शालू ‘तुम तो धोखेबाज हो…’ गाने की धुन पर जमकर थिरकती हुई दिख रही है. दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो ठीक उसी समय का है जब घर पर दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या की वारदात को अंजाम दिया जा रहा था. शालू उस वक्त अपने पति के साथ तिलक नगर स्थित एक नामचीन लाउंज में किटी पार्टी में शामिल होने गई हुई थी. लाउंज का एक और वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा है, जिसमें पार्टी में मौजूद अन्य लोग भी शालू के साथ डांस करते नजर आ रहे हैं. इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस हत्या की क्रोनोलॉजी और टाइमलाइन से इस पार्टी के समय का मिलान कर रही है. गौरतलब हो कि इंदिरा नगर स्थित रतन आर्बिट अपार्टमेंट के फ्लैट में रहने वाले दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की शनिवार रात पूर्व नौकर विशाल गौतम और उसके साथी राजकिशोर ने चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी. पुलिस ने मुठभेड़ में दोनों को गिरफ्तार किया तो उन्होंने हत्या दिवंगत कारोबारी की बहू शालू के कहने पर करने की बात कही. हत्यारोपित और सिक्योरिटी गार्डों के इंचार्ज मदन सिंह के बयान, सीसी कैमरे व शालू, विशाल के बीच बातचीत की काल डिटेल के आधार पर शालू को भी गिरफ्तार कर तीनों को जेल भेज दिया है.

