ABC News: कानपुर में मानसून के इस मौसम में गंगा में आए उफान के बाद अब अगले महीने से फिर से शुक्लागंज को जोड़ने वाले नए फोरलेन पुल के पिलर का काम शुरू हो सकता है.डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने इसका जायजा लिया है.

करीब 235 करोड़ की लागत से बन रहे लगभग 1200 मीटर लंबे पुल से कानपुर को शुक्लागंज-उन्नाव होते हुए लखनऊ की बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी. डीएम के निरीक्षण में सामने आया कि करीब 15 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसकी समयसीमा फरवरी 2028 है. पुल के लिए कुल 24 पिलर बनाए जाने हैं, जिनमें से 14 पिलर पर प्रारंभिक संरचनात्मक कार्य किया जा चुका है. गंगा का जलस्तर कम होते ही निर्माण कार्य फिर से तेजी पकड़ेगा. वहीं, कानपुर और उन्नाव के बीच कनेक्टिविटी को और मजबूत करने के लिए करीब 750 करोड़ रुपये की लागत से ट्रांस गंगा सिटी पुल का निर्माण भी किया जाना है.

दिसंबर अंत तक होगी सीवर लाइन शिफ्टिंग!
जरीब चौकी क्रॉसिंग पर प्रस्तावित ओवरब्रिज को लेकर यहां पर चल रही सीवर लाइन शिफ्टिंग के कार्य का डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने जायजा लिया. डीएम ने यहां पर दिसंबर अंत तक यूटिलिटी शिफ्टिंग का कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए हैं. गौरतलब हो कि परियोजना के तहत फोर लेन का ओवरब्रिज जीटी रोड पर और घंटाघर रोड पर टू लेन का फ्लाईओवर बनाया जाएगा. इसके निर्माण के बाद जरीब चौकी क्रॉसिंग पर लगने वाले जाम की समस्या हल हो सकती है. वर्तमान में जरीब चौकी चौराहे पर जल निगम (नगरीय) द्वारा सीवर लाइन शिफ्टिंग का कार्य किया जा रहा है. इसके तहत कालपी रोड पर कुल 591 मीटर लंबी सीवर पाइपलाइन बिछाई जा रही है. इसके अतिरिक्त जरीब चौकी चौराहे से रामादेवी की ओर 442 मीटर, घंटाघर की ओर से जरीब चौकी चौराहे तक 520 मीटर तथा जीटी रोड पर जरीब चौकी चौराहे तक 523 मीटर सीवर लाइन की शिफ्टिंग की जानी है. जरीब चौकी क्रॉसिंग पर करीब 320 करोड़ की लागत से फ्लाईओवर का निर्माण किया जाना है. डीएम ने बताया कि जलनिगम अफसरों को कार्य तेज करने के निर्देश दिए गए हैं. इसके बाद राज्य सेतु निगम द्वारा फ्लाईओवर के निर्माण का काम शुय कराया जाएगा.

