ABC News: बर्रा थाना क्षेत्र के बर्रा बाईपास स्थित शिवाजी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई. महिला की मौत के बाद परिजनों ने डॉक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा और तोड़फोड़ की. परिजनों का आरोप है कि महिला की हालत बिगड़ने के बाद भी इलाज में लापरवाही बरती गई और मौत होते ही अस्पताल का डॉक्टर व स्टाफ मौके से फरार हो गया.
परिजनों के मुताबिक महिला को इलाज के लिए शिवाजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था. इलाज के दौरान उसकी हालत बिगड़ गई और कुछ देर बाद मौत हो गई. महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया. परिजनों का आरोप है कि महिला की मौत के बाद अस्पताल में मौजूद डॉक्टर और अन्य स्टाफ वहां से चले गए. इससे आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.
परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि शिवाजी अस्पताल बिना निर्धारित मानकों के घर में अवैध रूप से संचालित किया जा रहा था. अस्पताल के संचालन और वहां उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं को लेकर भी सवाल उठाए गए हैं. उन्होंने कहा कि बार बार पूछने के बाद भी अस्पताल में पूरी सुविधाएं होने की बात कही और मरीज की हालत के बारे में भी गलत बताया गया.

