ABC News: घाटमपुर के पतारा ब्लॉक के हिरनी गांव में कच्ची छत ढहने से एक ही परिवार के पांच लोग मलबे में दब गए. हादसे में पिता और उसकी तीन बेटियों की मौत हो गई. जबकि एक अन्य बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है. बताया जा रहा है कि सुबह रूक-रूककर हुई बारिश के बाद दो खंड का कच्चा मकान अचानक भरभराकर ढह गया.
हादसे के समय मकान के अंदर पिता और उसकी चार बेटियां मौजूद थीं. मकान गिरते ही पांचों लोग मलबे में दब गए. मकान गिरने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देकर दबे हुए लोगों को निकालना शुरू किया. सूचना पर पुलिस और दमकल कर्मी भी मौके पर पहुंच गए. बताया जा रहा है कि हादसा यहां पर रहने वाले मुकेश सिंह के घर पर हुआ, जिसमें मुकेश समेत उनकी चार बेटियां माया, नीतू, पल्लवी और काजल दब गईं. हादसे के बाद गांव में अफरातफरी मच गई. ग्रामीणों ने तत्काल मलबा हटाने का काम शुरू किया और पुलिस को सूचना दी.
ग्रामीणों और पुलिस की मदद से मुकेश सिंह और उनकी तीन बेटियों माया, नीतू व पल्लवी को मलबे से निकालकर सीएचसी पतारा ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने चारों को मृत घोषित कर दिया गया. हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. हादसे के बाद चौथी बेटी काजल को काफी देर बाद मलबे से निकालने की कवायद चलती रही. मलबे से निकाली गई काजल की हालत भी गंभीर बनी हुई है.
परिजनों के लगाए लापरवाही के आरोप
साढ़ थानाक्षेत्र के हिरनी गांव में कच्चा मकान गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के बाद ग्रामीणों का आक्रोश चरम पर दिखा. पहले तो उन्होंने साढ़ पुलिस पर देरी से पहुंचने का आरोप लगाया, इसके बाद आरोप है कि जब वह लोग मलबे से निकालकर पिता और उनकी पुत्रियों को लेकर पतारा सीएचसी पहुंचे तो यहां पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं था. मृतकों के परिवार वालों और ग्रामीणों का आरोप है कि यहां पर चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के रूप में वॉर्ड बॉय मौजूद था.
इसके अलावा यहां पर आक्सीजन सिलेंडर आदि भी मौजूद नहीं था. आरोप है वॉर्ड बॉय ने पहले पिता और तीन बच्चियों को मृत घोषित कर दिया. इसके बाद जब पुलिस यहां पर बयान लेने पहुंची तो परिवार की एक महिला को सबसे छोटी बच्ची की धड़कन चलते मिली, जिस पर उसे लेकर एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां पर उसने दम तोड़ दिया. आरोप है कि सीएचसी में तैनात डॉक्टर करीब तीन घंटे बाद अस्पताल की बाउंड्री वॉल फांदकर आए और परिजनों पर चिल्लाने लगे.
परिजनों का कहना है कि अगर समय पर आक्सीजन और इलाज मिल जाता तो सभी की जान बच सकती है, इसको लेकर एसडीएम घाटमपुर अविचल प्रताप सिंह का कहना है कि उनकी सीएमओ से बातचीत हुई है, जो भी आरोप है, उनकी जांच कराकर दोषियों पर एक्शन लिया जाएगा.

