ABC News: कानपुर के घाटमपुर में दो स्थानों पर भूमाफियाओं के खिलाफ एक्शन लिया गया. एसडीएम अबिचल प्रताप सिंह की अगुवाई में तहसील प्रशासन की टीम स्टेशन रोड में रेलवे कॉलोनी के पास पहुंची. यहां पर रहने वाली गीतिका ने बलवीर यादव नाम के शख्स पर आरोप लगाया था कि उसने उनके प्लॉट पर कब्जा कर उसमें मौरंग स्टॉक किए हुए है. बार बार कहने के बाद भी वह उसे हटा नहीं रहा है.

शिकायत के आधार पर घाटमपुर एसडीएम अविचल प्रताप सिंह, तहसीलदार ओम प्रकाश पासवान ने मौके पर जांच की. यहा पर बलवीर से पूछताछ के बाद जब डंप करीब 10 डंपर मौरंग की रसीद मांगी गई, तो वह उपलब्ध नहीं करा पाया, जिस पर मौरंग को सीज करने के निर्देश दिए. इसी तरह ओम नारायण गुप्ता ने शिकायत की थी कि पतारा मस्जिद के पास कानपुर सागर हाइवे पर उनका प्लॉट है. उनका आरोप था कि पिछले डेढ़ साल से मुश्ताक मियां और उसका पुत्र साहिल ने उनके खेत में इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछा दी हैं. इसमें डीएम के आदेश पर एक महीने पहले ही इंटरलॉकिंग उखड़वाई गई थीं.

आरोप है कि सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा का मुकदमा होने के बावजूद मुश्ताक ने कब्जा नहीं छोड़ा और आये दिन झगड़ा करता रहा. यहां पर बुलडोजर एक्शन लेते हुए खेत में खड़े पिलर को ध्वस्त कराने के साथ शिकायतकर्ता को उसके खेत पर कब्जा दिलाया गया. एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर भी माफियाओं के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में कार्रवाई की गई है. अभियान के दौरान मुश्ताक, साहिल और बलवीर को हिरासत में भी लिया गया.

