ABC News: महाराजपुर थानाक्षेत्र के सलेमपुर गांव के मजरा लालूखेड़ा में महिला की संदिग्ध मौत के मामले में रविवार शाम को जमकर हंगामा हुआ. महिला के परिजनों ने हत्या का आरोप लगाते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव को चकेरी एयरपोर्ट के पास रखकर हंगामा शुरू कर दिया. देखते ही देखते आक्रोशित लोगों ने हाईवे जाम कर दिया.
सूचना पर पहुंची पुलिस को भी विरोध का सामना करना पड़ा. आरोप है कि आक्रोशित परिजनों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया. हंगामे की सूचना मिलते ही चकेरी, महाराजपुर और नरवल थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति संभालने का प्रयास किया. बताया जा रहा है कि पुलिस और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच विवाद बढ़ने पर पथराव शुरू हो गया.
पथराव में चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश मिश्रा, महाराजपुर इंस्पेक्टर समेत कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की सूचना है. परिजनों का आरोप है कि महिला ने आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसकी हत्या की गई है. इसी आरोप को लेकर परिवार के लोग कार्रवाई की मांग कर रहे थे. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने के बाद उन्होंने उसे चकेरी एयरपोर्ट के पास रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया.
हंगामे के कारण कुलगांव के पास हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया. दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने और जाम खुलवाने का प्रयास किया. स्थिति को देखते हुए आसपास के थानों से भी पुलिस बल बुलाया गया. जाम और पथराव के बाद पुलिस ने यहां पर लाठीचार्ज कर भीड़ को तितरबितर किया. पुलिस ने मौके से लोगों को हटाकर स्थिति नियंत्रित की.
हंगामे के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. चकेरी, महाराजपुर, नरवल और जाजमऊ थानों की फोर्स के साथ पीएसी भी तैनात है. पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हमले में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. पहचान होने के बाद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी.

