ABC News: कानपुर नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की नाराजगी के बाद अब एक्शन का दौर शुरू हो गया है. नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने मार्ग प्रकाश विभाग में एक्शन का चाबुक चलाते हुए 11 स्विचमैन निलंबित कर दिए हैं.

बताया गया कि नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण न करने, लापरवाही और मोबाइल पर ही शिकायतों को निस्तारित दिखाने पर मार्ग प्रकाश विभाग के अन्तर्गत जोन-1, 2, 3, 4 व 6 में कार्यरत 11 स्विचमैनों को निलंबित कर दिया है. आपको बता दें कि मार्ग प्रकाश विभाग को लेकर जोनवार हुई बैठकों में पार्षद भी लगातार आरोप लगा चुके हैं. नगर निगम की तरफ से जारी विज्ञप्ति में कहा गया है कि इन कर्मचारियों द्वारा कार्य में लापरवाही बरतने के कारण शहर की मार्ग प्रकाश व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित किये जाने में बाधा उत्पन्न हो रही है. कर्मचारियों को कई बार कार्य प्रणाली में सुधार लाने हेतु निर्देशित किया जा चुका है परन्तु इनके द्वारा कार्य प्रणाली में कोई सुधार नही किया गया है. वहीं, इसको लेकर जांच बैठाते हुए अपर नगर आयुक्त अनूप कुमार को जांच अधिकारी नामित किया गया है.

