ABC News: पहाड़ों पर हो रही बारिश और सहायक नदियों के उफान पर आने से कानपुर में गंगा का जलस्तर धीरे-धीरे चेतावनी बिंदु के पास पहुंचने लगा है. पिछले 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में आठ सेंटीमीटर की बढ़त दर्ज की गई है. रविवार को गंगा का जलस्तर शुक्लागंज गेज पर 112.440 मीटर पर रिकॉर्ड किया गया और इसमें लगातार बढ़त जारी थी.
वहीं, गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर जलस्तर 113.830 मीटर और डाउन स्ट्रीम पर 113.680 मीटर पर रिकॉर्ड किया गया. रविवार को गंगा बैराज से तीन लाख 18 हजार 870 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया. जिससे गंगा के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का पानी हलचल मचाने लगा है. सिंचाई विभाग की तरफ से बताया गया कि हरिद्वार से 77 हजार 591 क्यूसेक और नरोरा से एक लाख 28 हजार 716 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है. माना जा रहा है कि अगले तीन से चार दिनों में गंगा चेतावनी बिंदु तक पहुंच सकती हैं.

