ABC News: कोतवाली थाना क्षेत्र के बंगाली मोहाल में देर रात एक जर्जर मकान भरभराकर ढह गया. गनीमत रही कि मकान के ढहने से चंद घंटे पहले ही पूरे परिवार से उसे खाली कर दिया था,, इस वजह से हादसे में किसी की जनहानि नहीं हुई. स्थानीय लोगों के बीच इस घटना को देवी देवी मां की कृपा और आस्था से जोड़कर देखा जा रहा है.
बंगाली मोहाल में रहने वाले बउवा मिश्रा ने बताया कि इस मकान में उनका करीब 12 लोगों का परिवार रहता है. उनके घर के अंदर ही मां दुर्गा का मंदिर बना हुआ है. एक दिन पहले शाम को जब उनकी पत्नी मंदिर में पूजा कर रही थीं, तो उन्हें मकान को लेकर कुछ आशंका हुई. इसके बाद परिवार को मकान खाली करने को कहा गया. परिवार ने भी बिना किसी देरी के मकान खाली करने के साथ ही आसपास के लोगों को सतर्क कर दिया.
रात करीब नौ बजे तेज बारिश के बीच मकान का छज्जा गिर गया. इसके कुछ देर बाद पूरा मकान भरभराकर ढह गया. पीड़ित के अनुसार, मकान के अंदर करीब छह फुट ऊंची देवी मां की मूर्ति स्थापित है, जिसकी रोज पूजा की जाती है. मकान के ढहने के बावजूद मूर्ति सुरक्षित है. हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई.
सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति की जानकारी ली. पीड़ित परिवार इसे मां दुर्गा की कृपा बता रहा है. हादसे के बाद यहां पर मलबा जमा होने से गली भी बंद हो गई.

