ABC News: कानपुर कमिश्नरेट की सेंट्रल जोन की सर्विलांस और फजलगंज पुलिस ने करीब 15 करोड़ रूपए की कीमत की चरस बरामद कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है. डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि चेकिंग के दौरान एक आल्टो कार को जब रोका गया और जांच की गई तो उसमें से यह चरस बरामद हुई.
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह लोग नेपाल से चरस की तस्करी कर उसे मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में बेचते हैं. पुलिस के अनुसार, दोनोें के पास से साढ़े 15 किलो चरस बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 15 करोड़ रूपए है. आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में अपने उपर लोन होने की भी बात कही लेकिन पुलिस की जांच में पता चला कि चरस तस्करी के माध्यम से आरोपी कमाई कर उससे अपने बिजनेस संचालित कर रहे हैं.
इनमें से एक आरोपी का भाई पहले से ही महाराष्ट्र जेल में चरस तस्करी के मामले में बंद चल रहा है. डीसीपी का कहना है कि इनके लिंक खंगाले जा रहे हैं, अपराध से अर्जित संपत्ति की कुर्की की भी कार्रवाई की जाएगी.

