ABC News: कानपुर में अनवरगंज थाना क्षेत्र स्थित आलम मार्केट में उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़ा कारोबारी का अनोखा ऑफर पुलिस और प्रशासन के लिए सिरदर्द बन गया. कपड़ा व्यापारी रईस आलम ने अपने जन्मदिन के मौके पर महज 16 मिनट के लिए कपड़ों समेत कई सामानों की कीमत घटाकर मात्र 16 रुपये कर दी.16 रुपये में कपड़े मिलने की खबर आग की तरह सोशल मीडिया और इलाके में फैल गई.
बताया जा रहा है कि देखते ही देखते आलम मार्केट के बाहर हजारों की संख्या में लोगों का जनसैलाब उमड़ पड़ा. भीड़ इतनी बेकाबू हो गई कि मुख्य मार्ग पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया और दुकान के बाहर धक्का-मुक्की शुरू हो गई. देखते ही देखते मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसमें कई लोगों के चोटिल होने की सूचना है. बताया जा रहा है कि कपड़ा व्यापारी रईस आलम ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स से आफर प्रसारित किया था. भीड़ की सूचना पर यहां एसीपी अनवरगंज समेत कई थानों की फोर्स पहुंची और भीड़ को हटाने की कोशिश की लेकिन कोई हटने को तैयार नहीं हुआ.
इसके बाद, पुलिस ने लाठियां पटककर खदेड़ा तो भगदड़ मच गई. इसमें कई लोग चुटहिल भी हो गए.एसीपी अनवरगंज मंजय सिंह ने बताया कि दुकानदार के 16 मिनट में 16 रुपये में कपड़ों के आफर के लालच लोगों की भीड़ एकत्रित हुए थी. उन्होंने बताया कि मामले में कपड़ा व्यापारी रईस आलम, मोहम्मद आलम और सलमान आलम के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के साथ ही एक शख्स को हिरासत में लिया गया है.

