ABC News: नगर निगम में लगातार चल रहे पार्षद, महापौर और अफसरों के द्वंद में अब एक नया मामला सामने आया है. वार्ड 76 से समाजवादी पार्टी के पार्षद कौशिक बाजपेयी ने वार्ड 79 चटाई मोहाल से भाजपा पार्षद विकास जायसवाल पर उनके वार्ड में जबरन काम करवाने, कार्य रूकवाने, वार्ड कार्यालय बनवाने आदि के आरेाप लगाए हैं.
इसको लेकर सपा पार्षद कौशिक बाजपेयी ने अपर नगर आयुक्त को ज्ञापन भी सौंपा है. पार्षद कौशिक बाजपेयी ने कहा कि नगर निगम ने अपनी वेबसाइट के अलावा शासन को जो वार्डों का नक्शा सौंपा है, उसमें नरोना चौराहा, कैनाल पटरी, सागर मार्केट से दाल मंडी केस्को सबस्टेशन तक का हिस्सा वार्ड 76 हरबंश मोहाल का बताया है. आरोप है कि इसके बावजूद भाजपा पार्षद विकास जायसवाल वहां पर जो निर्माण कार्य हो रहे हैं, उन्हें बाधित कर रहे हैं. गलत तरीके से वहां पर वार्ड कार्यालय बना लिया गया, इसके अलावा बारातशाला का निर्माण कराकर प्राइवेट हाथों में दे दिया गया, सपा पार्षद का आरेाप है कि सत्ताधारी दल का मामला होने के नाते अधिकारी मौन बने हुए हैं. आरोप लगाया कि यहां पर सरकारी जमीनों पर कब्जे हो रहे है.
वहीं, पार्षद विकास जायसवाल का कहना है कि सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी के कहने पर पार्षद कौशिक बाजपेयी चल रहे हैं, उन्हें सीमांकन की जानकारी नहीं है. वार्ड कार्यालय सरकारी है, वहां पर जेई भी बैठते हैं, 2003 में केडीए ने यह जगह नगर निगम को हैंडओवर की थी, उन्होंने कहा कि नरोना चौराहा पर इंदिरा गांधी प्रतिमा स्थल का सुंदरीकरण कराने के लिए खुद विधायक अमिताभ बाजपेयी ने वार्ड 79 से प्रस्ताव देकर एनओसी ली थी.

