ABC News: कानपुर में बिल्हौर पुलिस ने ट्रांसफॉर्मर और ट्यूबवेल के इंजन के पार्ट्स आदि चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने इस मामले में पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. यह गिरोह बिहार और राजस्थान से हथियारों की तस्करी का भी काम करते थे, पुलिस अब इनकी तह को खंगालने में जुट गई है.
डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि तीन अगस्त को बिल्हौर पुलिस को ट्रांसफॉर्मर चोरी की सूचना मिली थी. इसके अलावा एक किसान के खेत से इंजन के पार्ट्स चोरी होने की सूचना मिली थी, इसी के बाद से पुलिस गिरोह की तलाश कर रही थी. उन्होंने बताया कि पुलिस ने गिरोह के सरगना अमित भारद्वाज उर्फ राजेश शर्मा समेत पांच अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए अन्य अभियुक्त अंकित अग्रहरि, शिवम चौरसिया, प्रांशू सोनकर और राजेश ठाकुर हैं.
उन्होंने बताया कि यह सभी संगठित गिरोह के रूप में काम करते थे, इनके पास से एक पिकअप बरामद हुआ है, जिसमें इंजन के पार्ट्स, ट्रांसफॉर्मर के पार्ट्स और कॉपर वॉयर आदि बरामद हुए हैं. गिरोह के सदस्यों पर पूर्व से कई मुकदमें दर्ज हैं और यह लोग पूर्व में जेल भी जा चुके हैं. यह लोग पिकअप लेकर हाइवे के किनारे स्थित गांवों में जाते थे और वहां पर वारदात करते थे. डीसीपी के मुताबिक, अभियुक्तों के मोबाइल से मिली वॉट्सऐप चैट्स से इस बात का भी खुलासा हुआ है कि यह लोग बिहार और राजस्थान से असलहों की तस्करी भी करते थे, जिसकी जांच की जा रही है.

