ABC News: चकेरी थाना क्षेत्र के श्याम नगर में सोमवार को बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े बड़ी वारदात को अंजाम दिया. यहां पर पीएसी पुल के पास स्थित एक शिक्षक के घर में घुसे तीन शातिर बदमाशों ने तमंचे के बल पर गृहस्वामिनी और उनके बेटे को बंधक बना लिया. बताया जा रहा है कि बदमाशों ने यहां पर गन प्वॉइंट पर परिवार के लोगों को रखकर लाखों रूपए की नकदी और सोने चांदी के जेवर लेकर फरार हो गए.
बदमाशों के फरार होने के बाद पीड़ित परिवार ने जब शोर मचाया तो आस पड़ोस के लोगों को घटना का पता लगा. बताया जा रहा है कि श्याम नगर में पीएसी पुल के पास रहने वाले शरद त्रिपाठी ऑक्सफोर्ड स्कूल में शिक्षक हैं. सोमवार सुबह वह अपने काम से बाहर गए हुए थे. उस समय घर पर उनकी पत्नी रचना और बेटा देवांश ही मौजूद थे. इसी दौरान तीन अज्ञात बदमाश अचानक घर के अंदर दाखिल हो गए. घर में घुसते ही बदमाशों ने रचना और उनके बेटे देवांश पर तमंचा तान दिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी.
इसके बाद तमंचे की नोक पर बदमाशों ने पूरे घर को खंगाला और अलमारी व लॉकर में रखी लाखों रुपये की नकदी व कीमती जेवर बटोर लिए. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से आराम से फरार हो गए. घटना के तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को मामले की जानकारी दी.
सूचना मिलते ही डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता, एडीसीपी शिवा सिंह समेत फोर्स मौके पर पहुंचा और जांच पड़ताल की, पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले हैं. डीसीपी पूर्वी ने बताया कि तीन लड़के बाइक से आए थे, पीड़ित परिवार ने करीब आठ लाख रूपए की नकदी जेवरात की लूट की जानकारी दी है.

