ABC News: कानपुर में सावन और कांवड़ यात्रा को देखते हुए लागू हुए रूट डायवर्जन का सबसे ज्यादा असर रामादेवी- नौबस्ता फ्लाईओवर पर देखने को मिला. देर रात से भारी वाहनों की इंट्री पर प्रतिबंध का असर रविवार को देखने को मिला. इसकी वजह से नौबस्ता से रामादेवी जाने वाले फ्लाईओवर पर भीषण जाम देखा गया. रामादेवी से नौबस्ता तक सैकड़ों ट्रकों के पहिए थम गए.
वहीं, जाम में ट्रकों के बीच में जो कारें फंस गईं, उसके अंदर बैठे लोग भी भीषण गर्मी से बिलबिला गए. भारी वाहनों पर प्रतिबंध की वजह से रामादेवी से नौबस्ता तक ट्रकों की ऐसी कतार लगी कि कोई रास्ते में टस से मस नहीं हो पाया. इसका असर सर्विल लेन पर चल रहे यातायात पर भी दिखा. इसके अलावा रामादेवी से जाजमऊ के रास्ते पर जगह जगह ट्रक खड़े हुए नजर आए, जिसकी वजह से वाहनों के पहियों की रफ्तार काफी धीमी गई.
इन सबके बीच जगह जगह ट्रैुफिक पुलिस कर्मी यातायात को संचालित करते रहे. जहां पर ट्रकों के पहिए थमें, वहां ट्रक चालक नो-एंट्री खुलने का इंतजार करते नजर आए. चालकों का कहना था कि निर्धारित रूट पर जाने की अनुमति नहीं मिलने के कारण उन्हें सड़क किनारे वाहन खड़ा कर इंतजार करना पड़ रहा है. सड़क की एक लेन में वाहनों की आवाजाही होने से कई स्थानों पर यातायात की रफ्तार भी प्रभावित हुई.
वहीं, यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़ा न करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है. पुलिस ने चालकों से डायवर्जन प्लान का पालन करने और प्रतिबंधित मार्ग पर जाने का प्रयास न करने को कहा है.

