ABC News: कोतवाली थानाक्षेत्र के चौक सर्राफा स्थित धोबी मोहाल इलाके में बेजुबान जानवरों की मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है. एक दिन पहले यहां पर पांच स्ट्रीट डॉग संदिग्ध अवस्था में मृत मिले थे, उसके बाद शुक्रवार को उसी जगह पर एक सांड़ की मौत हो गई.
दो दिनों में बेजुबानों की मौत ने स्थानीय निवासियों को आक्रोश में भर दिया. स्थानीय लोगों ने यहां पर हंगामा भी किया. गौरतलब हो कि एक दिन पहले धोबी मोहाल में बीते पांच स्ट्रीट डॉग्स की मौत हो गई थी. आशंका जताई जा रही थी कि इन्हें जहर देकर मारा गया है. इसके बाद यहां पर आज एक सांड़ की मौत हो गई. जिसके बाद लोगों ने अराजक तत्व पर जानवरों को जहर देकर मारने का आरोप लगाया. मौके पर स्थानीय लोगों के साथ पशु प्रेमियों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने हंगामा किया.
सूचना पाकर मौके पर कोतवाली पुलिस भी पहुंची. स्थानीय लोगों ने मामले की जांच कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की. पुलिस ने स्थानीय लोगों को समझाकर शांत किया, पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज करने के साथ ही मामले की जांच की जा रही है.

