ABC News: पहाड़ों पर हो रही बारिश और सहायक नदियों से लगातार आ रहे पानी की वजह से कानपुर में उफान मारता गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है. पिछले 24 घंटे में गंगा के जलस्तर में 200 सेंटीमीटर की बढ़त दर्ज की गई है. सोमवार को गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से करीब दो मीटर नीचे पर रहा.

सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार, गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर सुबह के समय जलस्तर 113.040 मीटर, डाउन स्ट्रीम पर 112.340 मीटर पर रहा, जबकि शुक्लागंज गेज पर जलस्तर 111.002 मीटर पर रहा. शुक्लागंज की तरफ चेतावनी बिंदु 113 मीटर पर है, यहां पर जब गंगा चेतावनी बिंदु पर पहुंचती हैं तो कटरी के चैनपुरवा गांव में सबसे पहले पानी घुसता है. लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए अब तहसील प्रशासन भी सतर्क हो गया है, ग्रामीणों को गंगा के पास न जाने की हिदायत दी गई है. इसके अलावा घाटों पर जलपुलिस भी अपनी नजर रखे हुए हैं.

वहीं, सोमवार को गंगा बैराज से इस सीजन का सर्वाधिक एक लाख छह हजार 981 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया, जबकि नरोरा से 53 हजार 211 और हरिद्वार से 66 हजार 226 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज किया गया. इन सबके बीच, वर्तमान में गंगा में बड़े पैमाने पर बहकर आ रही जलकुंभी बड़ी परेशानी खड़ी कर रही है. गंगा बैराज पर फंसी जलकुंभी को निकालने के लिए यहां पर कर्मचारियों की टीम भी लगाई गई है.

