ABC News: कानपुर में पुलिस ने फर्जी मल्टीलेवल मार्केटिंग गिरोह का खुलासा करते हुए छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, यह पूरा फर्जीवाड़ा ‘विन मेकर वैलनेस’ और ‘विन मेकर आयुर्वेदा प्राइवेट लिमिटेड’ के नाम से चलाया जा रहा था, इन कंपनियों को नोएडा और दिल्ली में रजिस्टर्ड दिखाया गया है. पीड़ितों को स्वास्थ्य, वेलनेस, बच्चों और डायबिटीज से जुड़े बिना लाइसेंस, अवैध प्रोडक्ट्स और पैकेज बेचे जाते थे.
पुलिस आयुक्त रघुवीर लाल ने बताया कि अभियुक्त विन मेकर आयुर्वेदा प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर 20 से 25 हजार रूपए प्रतिमाह नौकरी का लालच देकर विभिन्न राज्यों के बेरोजगार युवाओं को कानपुर बुलाते थे और फिर रजिस्ट्रेशन एवं जॉइनिंग के नाम पर प्रत्येक युवक से 15 से 30 हजार रूपए वसूलकर उन्हें सामान्य किट देते थे. इसके बाद पीड़ितों को कमरों में रखकर साइकोलॉजिकल ट्रेनिंग और आगे नेटवर्क बढ़ाने का दबाव बनाया जाता था. नेटवर्क में एग्जीक्यूटिव, सिल्वर, गोल्ड, डायमंड, और ब्लैक डायमंड जैसी 15 रैंक बनाकर वेतन और कमीशन बढ़ाने का झूठा लालच दिया जाता था. कंपनी के अधिकारी कमीशन, इंसेटिव के नाम पर कंपनी की तरफ से दो पहिया और चार पहिया देने का भी लालच देते थे.
पुलिस के अनुसार, अब तक इसमें 60 हजार लोगों को रजिस्टर्ड किया गया है, अकेले कानपुर में ही दो हजार लोगों को इससे जोड़ा गया है. उन्होंने बातया कि कंपनियों का संचालन इनामुल हक और विजय कुशवाहा जोकि पटना के निवासी हैं, उनकी तरफ से किया जा रहा है. इनका एक साथी मनीष सिन्हा जेल जा चुका है. मेंबर को यह आश्वासन दिया जाता था कि प्रमोशन के साथ उसका वेतन भी बढ़ता जाएगा, एक ग्रुप में 250 से लेकर 300 लोगों को ट्रेनिंग दी जाती थी, अभी तक इनके नौ सेंटरों के बारे में पता लगा है, जिसमें पांच यूपी में हैं.

