ABC News: कानपुर में गंगा के जलस्तर में लगातार बढ़त देखी जा रही है,, भले ही मानसूनी बारिश के लिए लोगों का इंतजार बढ़ रहा हो लेकिन पहाड़ों पर हो रही बारिश से कानपुर में गंगा लगातार चेतावनी बिंदु की तरफ बढ़ती जा रही हैं. इसे देखते हुए गंगा बैराज पर संचालित बोट क्लब को फिलहाल बंद कर दिया गया है.
वहीं, अटल घाट समेत अन्य घाटों पर जलपुलिस की कॉम्बिंग को बढ़ा दिया गया है. जलपुलिस के साथ यहां पर पीएसी के स्टीमर और जवान भी तैनात किए गए हैं. जलपुलिस और पीएसी के जवान घाट किनारे आए लोगों को गंगा में जाने से रोकने के अलावा यहां पर नजर बनाए हुए हैं.
रविवार को गंगा बैराज की अपस्ट्रीम पर जलस्तर 112.530 मीटर पर रहा, जबकि डाउन स्ट्रीम पर जलस्तर 11.720 मीटर पर रहा. शुक्लागंज गेज पर जलस्तर 110.350 मीटर पर दर्ज किया गया.
सिंचाई विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रविवार को हरिद्वार से 36 हजार 183 क्यूसेक और नरोरा से 14 हजार 818 क्यूसेक पानी छोड़ा गया जबकि गंगा बैराज से 67 हजार 998 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया. इसकी वजह से शहर के घाटों पर गंगा लगातार उफान पर दिखाई पड़ रही हैं.

