ABC News: कानपुर में रेउना और आसपास का इलाका साइबर ठगी करने वालों का हॉटस्पॉट बना हुआ है. यहां पर पुलिस ने एक बार फिर से दबिश देकर 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है. पकड़े गए अभियुक्त पीएम आवास योजना में नाम आने का झांसा देकर लोगों को अपना शिकार बनाते थे. गौरतलब हो कि इसके पहले भी पुलिस ने यहां से 21 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है.
एडीसीपी साउथ सुमित रामटेके की अगुवाई में हुई कार्रवाई में जैसे ही अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई, तो वहां पर हड़कंप मच गया.
डीसीपी साउथ दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि सभी 12 अभियुक्तों को गिरसी नहर के पास से गिरफ्तार किया है. अभियुक्त रेउना, घाटमपुर और कानपुर देहात के आसपास के लोगों को अपना शिकार बनाते थे. अधिकतर साइबर ठगी पीएम आवास में नाम आने को लेकर की जाती थी. पीड़ित को विश्वास में लेकर उससे 1100 से लेकर 11 हजार तक ठगी की जाती थी.
इसके अलावा पोर्न फिल्में देखने के नाम पर पीड़ितों से ठगी की बात भी सामने आयी है. पकड़े गए अभियुक्तों के पास पीएम आवास योजना में आवेदन डालने वालों के नाम, मोबाइल नंबर का डाटा कहां से आता था, इसको लेकर डीसीपी साउथ ने जांच करने की बात कही है

