ABC News: नगर निगम मुख्यालय, मोतीझील में गुरूवार शाम को अचानक आग लग गई. बताया जा रहा है कि आग नगर निगम मुख्यालय की दूसरी मंजिल में बने संपत्ति और लेखा विभाग में लगी. आशंका जताई जा रही है कि आग की घटना शॉर्ट सर्किट की वजह से हुई.

इसके बाद यहां पर रखे कागजों में आग पकड़ने से कुछ ही देर में यह काफी ज्यादा भड़क लगी. इसके बाद यहां पर दूसरी मंजिल की पूरी गैलरी में काला धुआं भर गया. जिसकी वजह से यहां पर दफ्तर में बैठे कर्मचारियों में भगदड़ मच गई. आनन फानन में भागकर कर्मचारी नीचे पहुंचे और अधिकारियों को सूचना दी. बताया जा रहा है कि जहां पर आग लगी है, वहां पर संपत्ति, लेखा, आडिट और अन्य विभाग हैं.

काला धुआं भरने की वजह से अंदर कोई जा नहीं पाया, वहीं, सूचना मिलने पर दमकल की गाड़ियां भी मौके पर पहुंची. दमकल कर्मियों ने यहां पर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. वहीं, घटना की जानकारी पर महापौर प्रमिला पांडेय भी मौके पर पहुंच गई, महापौर ने घटना की जांच के निर्देश दिए हैं.

