ABC News: कल्याणपुर पुलिस और साइबर सेल ने ज्वाइंट ऑपरेशन चलाकर मैट्रीमोनियल साइट की आड़ में देश भर के हजारों लोगों से करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह का खुलासा किया है. यह गैंग फर्जी मेट्रीमोनियल साइट बनाकर लोगों को एआई जेनरेटेड सुंदर और आकर्षक लड़कियों की फोटो भेजकर उनसे रजिस्ट्रेशन से लेकर बातचीत कराने के नाम पर ठगी कर रहा था. पुुलिस के अनुसार, कॉल सेंटर की लड़कियां ही दुल्हन बनकर रोजाना सैकड़ों लोगों को शादी के सपने दिखाकर उनसे ठगी करती थीं.
डीसीपी वेस्ट ने बताया कि जब जांच की गई तो सामने आया कि ये गैंग अधेड़ उम्र के लोगों को टारगेट करता और फिर झांसे लेकर ठगी करते थे. डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम ने बताया कि कल्याणपुर आवास विकास कैलाश विहार के एक अपार्टमेंट में गतिविधियां संदिग्ध मिलने की जानकारी सामने आयी थी. यहां से कानपुर के साथ ही यूपी के कई जिलों और राज्यों में कॉलिंग की जा रही है. पुलिस ने रेड की तो सामने आया कि यहां पर “Online Match Point” नाम से फर्जी मैट्रिमोनियल कॉल सेंटर संचालित किया जा रहा है. पुलिस ने दो युवतियों समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. मौके से सात एंड्रायड फोन, 16 कीपैड मोबाइल, नौ डेस्क टाप, 104 प्रयोग किए गए सिम, दो नए सिम समेत तमाम चीजें मिली है. पकड़े गए आरोपियों की पहचान आवास विकास तीन निवासी अनुराधा द्विवेदी, मूलरूप से छत्तीसगढ़ के चंपा जिले के बैलाधूला और वर्तमान में बर्रा तीन निवासी विक्रम खूंटे और मूलरूप से बिल्हौर के रामपााटी निवासी वर्तमान में पुराना शिवली रोड निवासी प्रियंका के रूप में हुई है.
पूछताछ के पता चला है कि करीब एक वर्ष पहले तीनों की मुलाकात इंटरनेट मीडिया के माध्यम से हुई थी. जिसके बाद तीनों ने योजना बनाकर ठगी का लिए काल सेंटर खोल लिया. पूछताछ में सामने आया कि कॉल सेंटर में काम करने वाली लड़कियों को रोजाना शादी के इच्छुक 100 से 150 लोगों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराए जाते थे. ये लड़कियां उनसे मैट्रीमोनियल साइड की टेलीकॉलर बनकर बात करती और फिर उन्हें कैसी लड़की से शादी करना चाहते हैं. उनकी डिमांड पूछती थीं. इसके बाद उनकी डिमांड के आधार पर एआई जनरेटेड फोटो तैयार करके चार से छह तस्वीरें भेजती और फिर रजिस्ट्रेशन से लेकर बात करने और मीटिंग के नाम पर मोटी रकम वसूलती थीं. इस तरह से यह गैंग रोजाना सैकड़ों लोगों से लाखों रुपए की ठगी करता था.पुलिस ने कॉल सेंटर में काम करने वाली 5 लड़कियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया.

