ABC News: कानपुर में महाराजपुर थानाक्षेत्र के सरसौल फ्लाईओवर पर बड़ा हादसा हो गया. यहां पर गुरुवार सुबह ट्रेलर ने खड़ी टेंपो में टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर फ्लाईओवर के डिवाइडर को तोड़ता हुआ दूसरी लेन में चला गया. हादसे में सात लोग घायल हुए हैं. जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बताया जा रहा है कि पूरनपुर के रहने वाले टेंपो चालक उमेश प्रेमपुर से सवारियों को लेकर रामादेवी जा रहे थे. सरसौल ओवरब्रिज पर अचानक टेंपो खराब हो गई. इस पर वाहन को सड़क किनारे रोकर चालक उमेश इंजन का प्लग साफ करने लगा. इसी दौरान फतेहपुर की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही टैक्सी अनियंत्रित होकर हाईवे पर पलट गई. हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे.
टेंपों को सीधाकर उसमें फंसी सवारियों को बाहर निकाला गया. आनन फानन में घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया. वहीं, टक्कर के बाद ट्रेलर भी अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी लेन में जा पहुंचा. घटना के कारण कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया. सूचना पर पहुंची महाराजपुर पुलिस और एनएचएआई की टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारू कराया.

