ABC News: कानपुर के जाजमऊ स्थित प्यौंदी गांव में उस समय अफरातफरी मच गई. जब टेनरी और सीवर ट्रीटमेंट प्लांट के इरीगेशन चैनल की दीवार अचानक भरभराकर ढह गई. सिंचाई के लिए बनाई गई नहर की दीवार गिरने के बाद लाखों लीटर पानी सड़क पर आ गया. हालत यह रही कि एयरपोर्ट जाने वाली सड़क के साथ पानी हवाई अड्डे की बाउंड्रीवॉल तक जा पहुंचा.
आसपास की प्लॉटिंग में भी गंदा पानी भर जाने से 12 गांवों के ग्रामीणों के सामने मुश्किल खड़ी हो गई. बताया जा रहा है कि प्योंदी गांव में सुबह के समय सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट के मुख्य नाले की लगभग 10 मीटर लंबी दीवार भरभरा कर ढह गई. नाले का पानी काफी ज्यादा तेज फ्लो में था, जो सड़कों से होता हुआ आसपास की प्लॉटिंग में भर गया. जलभराव की वजह से एयरपोर्ट जाने वाली सड़क पर वाहनों का आवागमन ठप हो गया.
चर्चा है कि दो ई रिक्शे भी चपेट में आ गए, जिसमें बैठी सवारियां भी मामूली रूप से चुटहिल हो गई. ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस समेत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दी गई है. ग्रामीणों का कहना है कि नाले की दीवार टूटने के बाद तेज बहाव के साथ पानी सड़क पर फैल गया, जिससे कुछ ही देर में पूरा मार्ग जलमग्न हो गया. एयरपोर्ट की ओर जाने वाले वाहनों को लंबे जाम का सामना करना पड़ा, जिसके कारण कई यात्रियों को अपनी उड़ानें पकड़ने में कठिनाई हुई.
ग्रामीणों के अनुसार, नाला केवल एक स्थान से नहीं, बल्कि कई जगहों से क्षतिग्रस्त था और लंबे समय से उसमें रिसाव हो रहा था. स्थानीय निवासियों ने कई बार संबंधित विभाग से इसकी मरम्मत की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. लगातार रिसाव के कारण नाले की दीवार टूट गई, ग्रामीणों का कहना है कि तीन महीने पहले अधिकारियों को इसकी जानकारी दी गई थी.

